गया जी: डोभी में NH-2 किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
डोभी-एनएच-2 पर अज्ञात शख्स का शव बरामद, नहीं हुई पहचान

प्रतीकात्मक तस्वीर

गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (NH-2) किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

विज्ञापन

Gaya Ji News : डोभी थाना क्षेत्र के पीपरघट्टी पार्क के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (NH-2) किनारे मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डोभी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

डोभी थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पीपरघट्टी पार्क के समीप एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया.

करीब 50 वर्ष उम्र के व्यक्ति का है शव

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष से अधिक प्रतीत हो रही है. शव पर नीले रंग की गोल गले वाली टी-शर्ट तथा मैक्रोमैन कंपनी का नेवी ब्लू रंग का अंडरगारमेंट पहना हुआ था. प्राथमिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार के गंभीर चोट या बाहरी आघात के निशान नहीं मिले हैं. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का लिया जा रहा सहारा

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण मृतक की पहचान नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आसपास के थानों को भी सूचना भेज दी है. मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी सहारा लिया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों या परिचितों तक सूचना पहुंच सके.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है. इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

पुलिस ने लोगों से मांगी सहयोग की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान या इस मामले से संबंधित किसी भी जानकारी से अवगत हो तो वह तत्काल डोभी थाना या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करे. पुलिस मामले की विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

Also Read : फेसबुक पर हुई दोस्ती, नशीली दवा देकर कई बार दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात कराने और ब्लैकमेल करने का केस दर्ज



विज्ञापन
Yuvraj Ratan

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन