बोधगया में तिब्बती समुदाय का प्रदर्शन, तिब्बत के समर्थन में भारत सरकार से की नैतिक सहयोग की अपील

महाबोधि मंदिर क्षेत्र में प्रदर्शन करते तिब्बती समुदाय के लोग
BodhGaya Tibetan Community Exhibition : बोधगया में तिब्बती समुदाय ने महाबोधि मंदिर के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर तिब्बत के मुद्दों को उठाया. उन्होंने भारत सरकार से नैतिक समर्थन की अपील की और अपनी संस्कृति व पहचान की रक्षा की बात कही.
BodhGaya Tibetan Community Exhibition : बोधगया में तिब्बती समुदाय के लोगों ने मंगलवार को महाबोधि मंदिर के समीप शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान तिब्बत के मुद्दे, मानवाधिकारों की रक्षा और भारत सरकार से नैतिक समर्थन की अपील की गई.
महाबोधि मंदिर के पास किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
बोधगया में तिब्बती समुदाय के लोगों ने महाबोधि मंदिर के पास एकत्र होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने तिब्बत की आजादी और मानवाधिकारों की रक्षा के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की तथा भारत सरकार से नैतिक सहयोग की अपील की.
तिब्बत की स्थिति पर जताई चिंता
प्रदर्शन में शामिल प्रतिनिधियों ने कहा कि तिब्बत पिछले लगभग 70 वर्षों से चीन के नियंत्रण में है. उनका कहना था कि इस दौरान तिब्बती समुदाय ने अनेक कठिनाइयों और दमन का सामना किया है तथा अपनी संस्कृति, पहचान और मातृभूमि की रक्षा के लिए कई लोगों ने बलिदान भी दिया है.
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर हुई घटना का किया उल्लेख
तिब्बती समुदाय के सदस्यों ने बताया कि हाल ही में अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर एक तिब्बती व्यक्ति द्वारा कथित रूप से तिब्बत के मुद्दे और चीन के नए कानूनों के विरोध में आत्मदाह किए जाने की घटना ने दुनिया भर के तिब्बतियों को भावुक और चिंतित किया है. इसी के समर्थन में बोधगया में रह रहे तिब्बती समुदाय ने भी एकजुटता व्यक्त की.
भारत के प्रति जताया आभार
पिछले लगभग 10 से 12 वर्षों से बोधगया में रहकर आवारा कुत्तों को भोजन कराने और जरूरतमंद बच्चों की सेवा करने वाली तिब्बती समाजसेवी आनी गायेंग लामो ने कहा कि भारत ने तिब्बती समुदाय को शरण, सम्मान और सुरक्षित जीवन दिया है. उन्होंने भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में उन्हें शांति और भाईचारे के साथ रहने का अवसर मिला है, जबकि तिब्बत की आजादी की उम्मीद आज भी उनके दिलों में कायम है.
शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन की अपील
प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधियों ने दलाई लामा के शांति संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि तिब्बती समुदाय शांतिपूर्ण मार्ग पर चल रहा है. उन्होंने कहा कि तिब्बत में स्थायी शांति स्थापित होने से भारत की सुरक्षा और पूरे हिमालयी क्षेत्र की स्थिरता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. साथ ही भारत सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवाधिकारों के समर्थन में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की.
बच्चों ने भी लिया प्रदर्शन में हिस्सा
कार्यक्रम के अंत में तिब्बती समुदाय के लोगों ने भारत के प्रति आभार व्यक्त किया और भारत-तिब्बत के बीच मित्रता, शांति एवं सद्भाव की कामना की. उन्होंने "जय हिंद" के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया. इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में बोधगया क्षेत्र के कई छोटे-छोटे बच्चों ने भी भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










