दिव्यांग हैं और नौकरी की तलाश में? गया जी में 31 अगस्त को जॉब कैंप, जानिए कितनी वैकेंसी और मिलेगा कितना वेतन
अवर प्रादेशिक नियोजनालय गया | Prabhat Khabar Network
गया जी में 31 अगस्त को दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इस शिविर में 93 रिक्तियों के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 7,000 से 20,000 रुपये तक का मासिक वेतन मिलेगा. यह एक निशुल्क अवसर है.
Gaya Job News : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया के सौजन्य से दिव्यांगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अगस्त को संयुक्त श्रम भवन केंदुई में विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा.
आपके शहर में
शिविर में एलआईसी ऑफ इंडिया एवं यूथ फॉर जॉब फाउंडेशन, पटना द्वारा विभिन्न पदों पर निशक्तजन अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. गया जिले के लिए कुल 93 रिक्तियों के विरुद्ध चयन प्रक्रिया होगी.
विभिन्न पदों पर मिलेगा रोजगार, 7,000 से 20,000 रुपये तक मिलेगा वेतन
शिविर में बीमा सखी (महिला), इंश्योरेंस एडवाइजर (पुरुष), लोडर, वैन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, पैकर एवं हाउसकीपिंग सहित विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनी की ओर से पद के अनुसार 7,000 से 20,000 रुपये तक प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा.
अवर प्रादेशिक नियोजनालय के सहायक निदेशक (नियोजन) रजिया इदरिसी ने बताया कि निशक्तजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रोजगार शिविर व जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं. पूरी प्रक्रिया बिल्कुल निशुल्क है.
10वीं पास से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग
रोजगार कैम्प में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 10वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण निःशक्तजन अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं.
Also Read :गया जी रोजगार मेले में 2300 युवाओं ने दिया बायोडाटा, 824 का चयन; जानिए किन नौकरियों के मौके मिले
इच्छुक अभ्यर्थियों को बायोडाटा व आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के साथ 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक अवर प्रादेशिक नियोजनालय केंदुई, गया में उपस्थित होना होगा.
दिव्यांगजनों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
शिविर में रोजगार के साथ-साथ दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, अवर प्रादेशिक नियोजनालय तथा विभिन्न कौशल प्रशिक्षण संस्थाओं द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी.
अधिकारियों ने पात्र अभ्यर्थियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की
अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र निशक्तजन अभ्यर्थियों से शिविर में भाग लेकर रोजगार एवं बेहतर करियर के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए