गया जी रोजगार मेले में 2300 युवाओं ने दिया बायोडाटा, 824 का चयन; जानिए किन नौकरियों के मौके मिले
रोजगार मेले में बायोडाटा जमा करते अभ्यर्थी
गया जी के राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित जिला स्तरीय नियोजन मेले में 2300 युवाओं ने बायोडाटा जमा किए, जिनमें से 824 का प्रथम स्तर पर चयन हुआ. मेले में 26 नियोजकों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई.
Gaya Job Fair 2026 : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम योजना के तहत मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान केंदुई में जिला स्तरीय नियोजन मेला आयोजित किया गया, जिसका आयोजन अवर प्रादेशिक नियोजनालय गया की सहायक निदेशक (नियोजन) रजिया इदरीसी की ओर से किया गया.
आपके शहर में
इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी, सांसद प्रतिनिधि अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
नियोजकों की भागीदारी और अभ्यर्थियों के चयन के आंकड़े
मेले में विभिन्न क्षेत्रों के करीब 26 नियोजकों ने भाग लिया और नियोजन के लिए कुल 2300 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 824 युवाओं का प्रथम स्तर पर चयन किया गया तथा नंदलाल मांझी ने 15 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया.

सरकारी योजनाओं की जानकारी और विभागीय स्टॉल पर मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को रोजगार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई जिसमें बिहार रोजगार सेतू पोर्टल व एनसीएस पर निबंधन, ऑनलाइन प्रशिक्षण, करियर संबंधी जानकारी, रोजगार के अवसर तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध संभावनाओं के बारे में बताया गया.
विभागीय स्टॉलों पर आरसेटी डीआरसीसी, जन शिक्षण संस्थान, आईटीआई एवं नियोजनालय द्वारा कुल 627 लाभुकों का मार्गदर्शन किया गया.

मोबलाइजर पद और अस्पताल में तकनीकी कर्मचारी की जानकारी
केंदुई में आयोजित मेले में विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों की ओर से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए जहां एक स्टॉल पर मोबलाइजर पद के लिए बताया गया कि चयनित अभ्यर्थी को हर महीने कम से कम दो स्टूडेंट्स का नामांकन कराना होगा.
जिसके एवज में 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा. जबकि शहर के एक अस्पताल में तकनीकी कर्मचारी के पद के लिए भी आवेदन लिए गए.
सफल आयोजन में अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका
नंदलाल मांझी ने युवाओं को जागरूक रहने और धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी तथा कार्यक्रम के अंत में नियोजन पदाधिकारी स्वाती सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
इस सफल आयोजन में अजय कुमार वर्मा, पियुष कुमार, अविनाश कुमार, रवि कुमार, राहुल कुमार, सतीश कुमार, राममोहन सिंह, सेम्पी कुमारी, रूपा कुमारी, शंभु कुमार, रिंकु कुमारी गया सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए