शेरघाटी के रोजाना लगने वाले जाम पर SDO सख्त, ई-रिक्शा-ऑटो की अलग पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
स्थल निरीक्षण करते एसडीओ जतिन कुमार साथ में नगर कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शिनी एवं अन्य पदाधिकारी
शेरघाटी में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए आईएएस अधिकारी सह एसडीओ जतिन कुमार ने कमर कस ली है. उन्होंने ई-रिक्शा, ऑटो की अलग पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Sherghati Traffic Jam : गया जी जिले के शेरघाटी शहर में प्रतिदिन लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए आईएएस अधिकारी सह एसडीओ जतिन कुमार ने पहल तेज कर दी है. सोमवार को उन्होंने नगर कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शिनी, सीओ उषा कुमारी और एआरओ अमीत कुमार के साथ थाना मोड़, नई बाजार ओवरब्रिज तथा गोला बाजार जाने वाले मोड़ का निरीक्षण किया.
इस दौरान जाम के प्रमुख कारणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ठोस कार्रवाई का निर्देश दिया.
ई-रिक्शा-ऑटो पार्किंग, अतिक्रमण हटाने और स्थाई सब्जी मंडी का निर्देश
एसडीओ ने नगर परिषद को ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग से पार्किंग स्थल सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े होने से यातायात बाधित न हो. उन्होंने जाम की समस्या को दूर करने के लिए अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर भी प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही स्थाई सब्जी मंडी हो इसके लिए भी कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है.
जब्त वाहन और बेतरतीब पार्किंग बने शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर जाम का कारण
बताया जाता है कि थाना मोड़ के समीप पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को सड़क किनारे खड़ा किए जाने तथा निबंधन कार्यालय आने वाले लोगों द्वारा सड़क पर वाहन पार्क करने से शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर अक्सर जाम लग जाता है. वहीं, नई बाजार में गोला बाजार जाने वाली सड़क पर अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित रहता है.
चिलचिलाती धूप में घंटों फंसने को मजबूर यात्री, व्यवसायी और मजदूर
रोजाना लगने वाले जाम से यात्रियों, वाहन चालकों, मजदूरों और स्थानीय व्यवसायियों को परेशानी उठानी पड़ती है. चिलचिलाती धूप और उमसभरी गर्मी में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है.

एसडीओ की लगातार पहल से जगी स्थाई राहत मिलने की उम्मीद
एसडीओ की लगातार पहल से स्थानीय लोगों में अब जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए