गया जी : शेरघाटी में मोरहर नदी में मिला युवक का शव, भट्ठा जाने के बाद घर नहीं लौटे थे नरेश यादव
रोते बिलखते परिजन और छानबीन करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
शेरघाटी के चितापकला गांव के पास मोरहर नदी में डूबने से नागेंद्र यादव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शेरघाटी थाना क्षेत्र के चितापकला गांव के समीप एएस भट्ठा के पास मोरहर नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान कमात गांव निवासी करीब 45 वर्षीय नागेंद्र यादव उर्फ नरेश उर्फ फकीरा यादव के रूप में हुई है. सोमवार की सुबह नदी में शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
भट्ठा जाने की बात कहकर घर से निकले थे
मृतक की पत्नी गीता देवी ने बताया कि रविवार की शाम करीब चार बजे नरेश यादव घर से भट्ठा पर काम करने जाने की बात कहकर निकले थे. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

नदी में शव मिलने से मची सनसनी
सोमवार की सुबह आसपास के लोगों ने नदी में एक शव को तैरते हुए देखा. सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नरेश यादव के रूप में की. शव मिलने की खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
पैर फिसलने की आशंका जता रहे परिजन
परिजनों ने आशंका जतायी कि शौच के बाद नदी में पानी छूने या नदी किनारे जाने के दौरान पैर फिसलने से यह हादसा हुआ होगा. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है.
पत्नी और सात साल की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक की पत्नी गीता देवी और सात वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए