मगध विश्वविद्यालय में विद्यार्थी परिषद का हंगामा, छात्रों ने सीनेट की बैठक रोकी, जानिए क्या है मामला?
हंगामा करते ABVP के कार्यकर्ता
मगध विश्वविद्यालय की सीनेट बैठक को विद्यार्थी परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हंगामे के बीच बाधित कर दिया. छात्रों ने वोकेशनल कोर्स, परीक्षाफल और शिक्षकों की कमी जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया.
Gaya Ji ABVP Student Protest: छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मगध विश्वविद्यालय में आयोजित सीनेट की बैठक को बाधित कर दिया. सीनेट की बैठक शुरू होने से पहले ही विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया और शिक्षा विभाग में आयोजित बैठक को बाधित कर दिया. गया, औरंगाबाद सहित मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से पहुंचे विद्यार्थी परिषद के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
आपके शहर में
वोकेशनल कोर्स में चार वर्षीय पाठ्यक्रम शुरू नहीं होने पर नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि वोकेशनल कोर्सेज में अब तक चार वर्षीय पाठ्यक्रम शुरू नहीं किया गया है. इसके अलावा परीक्षाफल समय पर जारी नहीं होने का भी छात्रों ने मुद्दा उठाया. छात्रों ने पी अध्यादेश के विरोध के साथ ही कई निजी कॉलेजों में शिक्षकों की कमी समेत अन्य समस्याओं को लेकर भी आवाज उठायी.
पुलिस भी नहीं रोक सकी छात्रों का विरोध
छात्र-छात्राओं के भारी विरोध के बीच मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन भी उन्हें रोक नहीं सका. प्रदर्शनकारी सीनेट की बैठक वाले सभागार में पहुंच गये और वहां कब्जा जमा लिया. बैठक में शामिल होने पहुंचे विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य और अन्य सदस्य सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग स्थित दूसरे हॉल में चले गये. हंगामे के कारण कई कॉलेजों के प्राचार्य और सीनेट सदस्य भी मौके से चले गये.
कुलपति और विद्यार्थी परिषद नेताओं के बीच वार्ता
दोपहर करीब 12:30 बजे तक कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ विद्यार्थी परिषद के नेताओं की बातचीत चलती रही. प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं शिक्षा विभाग के बाहर नारेबाजी करते रहे. हंगामे को देखते हुए सीनेट की बैठक के स्थगित होने की संभावना जतायी गयी. हालांकि छात्र अपनी मांगों के समाधान की मांग पर अड़े रहे.
सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात
मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोधगया डीएसपी मधु कुमारी, बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, मगध विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष संदीप चौहान सहित विश्वविद्यालय के निजी सुरक्षा गार्ड मुस्तैद रहे. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थी परिषद के नेताओं के बीच बातचीत के बाद छात्रों की मांगों के समाधान को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए