बोधगया दौरे पर आएंगे म्यांमार के राष्ट्रपति, महाबोधि मंदिर के साथ सुजाता मंदिर में भी करेंगे पूजा, जानिए पूरा कार्यक्रम
म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग
Myanmar President Bodh Gaya Visit: राष्ट्रपति शनिवार को गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और महाबोधि मंदिर के साथ बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे.
Myanmar President Bodh Gaya Visit: (बोधगया से कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट)
आपके शहर में
म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग के प्रस्तावित बोधगया दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. राष्ट्रपति शनिवार को गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और महाबोधि मंदिर के साथ बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे. दौरे को लेकर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और सुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. गुरुवार को गया एयरपोर्ट पर डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की जाएगी.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर
पिछले महीने ही म्यांमार के राष्ट्रपति बने मिन आंग ह्लाइंग के आगमन को लेकर जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. बुधवार को गया एयरपोर्ट और डीएम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई थी. अब गुरुवार को भी एयरपोर्ट पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी.
एयरपोर्ट पर होगी अहम बैठक
गया डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की पूरी रूपरेखा तय की जाएगी. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी प्रोटोकॉल, ट्रैफिक नियंत्रण और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा होगी.
सुबह 9:10 बजे गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे राष्ट्रपति
सूत्रों के अनुसार म्यांमार के राष्ट्रपति का विशेष विमान शनिवार सुबह करीब 9:10 बजे सीधे गया एयरपोर्ट पहुंचेगा. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किए जाने के बाद वे सीधे बोधगया रवाना होंगे. राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर पहुंचेंगे. यहां वे पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर परिसर का भ्रमण भी कर सकते हैं. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को विशेष रूप से दुरुस्त किया जा रहा है.
होटल में लंच के बाद जाएंगे सुजाता मंदिर
महाबोधि मंदिर में पूजा के बाद राष्ट्रपति बोधगया स्थित एक होटल में लंच करेंगे. इसके बाद वे बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर जाएंगे और वहां भी पूजा-अर्चना करेंगे. सुजाता मंदिर से लौटने के बाद राष्ट्रपति करीब 2:30 बजे गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से उनका विशेष विमान दिल्ली के लिए रवाना होगा.
बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था की जा रही मजबूत
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए महाबोधि मंदिर, सुजाता मंदिर और बोधगया की प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन की ओर से सड़क, ट्रैफिक और वीवीआईपी मूवमेंट से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
Also Read: गया में रिटायर्ड दारोगा के गुम हुए ATM से ठगी, शातिर साइबर गिरोह ने खाते से उड़ाए 18 लाख रुपए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए