गया जी : सड़क किनारे घायल युवक को देख रुकीं विधायक ज्योति मांझी, अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में घायल युवक के साथ MLA ज्योति मांझी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया जी में विधायक ज्योति मांझी ने मानवता की मिसाल पेश की. सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े एक युवक को उन्होंने अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है.

विज्ञापन

Gaya Ji News : बाराचट्टी की विधायक ज्योति मांझी ने रविवार देर रात मानवता का परिचय देते हुए सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े एक युवक को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया. विधायक के इस संवेदनशील कदम की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है.

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, विधायक ज्योति मांझी अपने मायके गुरपा थाना क्षेत्र के बापू ग्राम आई हुई थीं. देर रात मायके से गया लौटने के दौरान गोपी मोड़-गुरपा सड़क मार्ग पर वृंदावन के पास उन्होंने देखा कि एक बाइक सवार युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है.

मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था. स्थिति को देखते हुए विधायक ने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और अपने सुरक्षाकर्मियों की सहायता से घायल युवक को वाहन में बैठाकर सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया.

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया.

समय गंवाना नहीं समझा उचित, स्वयं साथ गईं गया

सोमवार को विधायक ज्योति मांझी ने बताया कि घायल युवक पूरी तरह बेहोश था. उन्होंने डायल-112 पर भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. ऐसे में समय गंवाना उचित नहीं समझते हुए उन्होंने स्वयं उसे अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया.

उन्होंने बताया कि युवक को एंबुलेंस से गया भेजे जाने के दौरान भी वह स्वयं उसके साथ गया तक गईं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

घायल युवक की पहचान गुरपा थाना क्षेत्र के तारों गांव निवासी अरविंद यादव के रूप में हुई है. अरविंद यादव ने बताया कि वह बेहोश होने के कारण यह नहीं जान पाया था कि उसे अस्पताल कौन लेकर आया. गया में होश आने पर परिजनों से उसे जानकारी मिली कि बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी ने उसे अस्पताल पहुंचाकर इलाज की व्यवस्था कराई.

विधायक के प्रति जताया आभार, क्षेत्र में हो रही है सराहना

अरविंद यादव ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, तो उनकी जान भी जा सकती थी.

उन्होंने कहा कि आज वह जीवित हैं, तो इसका श्रेय विधायक की तत्परता और मानवीय संवेदना को जाता है. विधायक के इस सराहनीय कार्य की सोमवार को पूरे फतेहपुर क्षेत्र में चर्चा रही.

लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि संकट की घड़ी में आम लोगों की मदद करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. स्थानीय लोगों ने विधायक ज्योति मांझी की संवेदनशीलता और मानवीय पहल की जमकर प्रशंसा की है.

Also Read : सीएम सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी को दी 26 करोड़ की सौगात, दही-लस्सी प्लांट समेत कई योजनाओं का किया शिलान्यास


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन