गया जी : जीविका सुधा बिक्री केंद्र के लिए आवेदन शुरू, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मिलेंगे 60 हजार रुपये

Updated:
विज्ञापन
जिले के सभी पंचायत में खुलेगा जीविका सुधा बिक्री केंद्र

Jeevika Women Entrepreneurship : गया जी के सभी 331 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत चयनित महिलाओं को 60 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.

विज्ञापन

Jeevika Women Entrepreneurship : जीविका व कॉम्फेड के संयुक्त प्रयास से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जिले के सभी 331 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोला जाएगा. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और ग्राम स्तर पर गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाना है. इस योजना के लिए आधिकारिक आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आचार्य मम्मट ने बताया कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

जीविका का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनकी आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन को मजबूत करना है. यह बिक्री केंद्र भी महिलाओं के द्वारा ही संचालित किया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता के साथ-साथ नेतृत्व का अवसर मिलेगा.

चयनित महिलाओं को वित्तीय सहायता

युवा पेशेवर पशुधन आतिश कुमार ने बताया कि प्रत्येक पंचायत से एक सक्रिय महिला का चयन किया जाएगा, जो मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की मुख्य लाभार्थी होगी.

चयनित महिलाओं को सरकार की ओर से 60,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी. जबकि, इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिला को स्वयं अपनी ओर से 15,000 रुपये का अंशदान करना होगा. इस प्रकार इस पूरे व्यवसाय को शुरू करने में कुल लागत 75,000 रुपये निर्धारित की गई है.

Gaya Ji News : बुनियादी ढांचा विकसित करने को राशि

प्राप्त वित्तीय सहायता की इस राशि से बिक्री केंद्र के लिए डीप फ्रीजर, विजी कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, परिवहन सहायता एवं दुकान की आवश्यक मरम्मत व पेंटिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

इच्छुक जीविका दीदियां इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल (jsbk.brlps.in) के माध्यम से अपना आवेदन आसानी से दर्ज कर सकती हैं. योग्य लाभार्थियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन रैंडम लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा. इस योजना का सीधा लाभ केवल जीविका स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को ही मिलेगा.

आवेदन के लिए मिलेगा सहयोग

प्रबंधक पशुधन प्रभात कुमार ने बताया कि पात्र जीविका दीदियों को पंचायत में कार्यरत सामुदायिक समन्वयक, क्षेत्रीय समन्वयक अथवा संकुल संघ के कम्युनिटी फैसिलिटेटर आवेदन करने की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग करेंगे. इसके अतिरिक्त, योग्य महिलाएं स्वयं भी दिए गए लिंक पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.

इस महत्वाकांक्षी योजना से न केवल महिलाओं को नया आर्थिक अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर दूध एवं उससे बने विभिन्न डेयरी उत्पाद जैसे पनीर, दही, आइसक्रीम, मक्खन आदि की उपलब्धता भी काफी बढ़ेगी.

Also Read : गया जी : प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले 13 लोगों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा, DM ने दिए निर्देश


विज्ञापन
Jitendra Mishra

लेखक के बारे में

By Jitendra Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन