गया जी : गुरारू में आधी-अधूरी नाली से घरों का पानी नहीं निकल रहा, ग्रामीणों में आक्रोश; जांच के बाद होगी कार्रवाई
नाली निर्माण को लेकर आक्रोश जताते हुए लोग | Prabhat Khabar Network
गया जी के गुरारू के ईटहरी गांव में अधूरे नाली निर्माण और जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने रोष जताया है, जिस पर बीडीओ संभव कुमार सिंह ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
गया जी के गुरारू प्रखंड की पहरा पंचायत अंतर्गत ईटहरी गांव में आधा-अधूरा व गलत तरीके से नाली निर्माण कराये जाने तथा पानी की निकासी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि नाली का निर्माण सही तरीके से नहीं कराया गया है. जगह-जगह नाली को अधूरा छोड़ दिया गया है. जिससे घरों व गलियों का पानी निकलने में परेशानी हो रही है.
ग्रामीण रितिक सिंह, धीरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, सतेंद्र कुमार, अशोक पटेल समेत कई लोगों ने बताया कि नाली की ऊंचाई अधिक होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी नाली में नहीं जा पा रहा है. वहीं, कई स्थानों पर नाली का निर्माण छोड़ दिये जाने से रास्ते पर पानी जमा रहता है. इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है.
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर अक्सर दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी राशि का सही तरीके से उपयोग नहीं किया गया है. नाली निर्माण में अनियमितता की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
जनप्रतिनिधियों के बयान
इस संबंध में मुखिया प्रतिनिधि अनुज प्रसाद ने बताया कि उक्त नाली का निर्माण वार्ड सदस्य द्वारा कराया गया है. वहीं, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अयोध्या प्रसाद ने मुखिया प्रतिनिधि पर नाली निर्माण कराने की बात कही है. दोनों के अलग-अलग बयान से निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन से नाली निर्माण की जांच कर दोषी लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि नाली का निर्माण सही तरीके से नहीं कराया गया, तो ग्रामीण जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगे.
प्रशासनिक आश्वासन
बीडीओ संभव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच करायी जायेगी. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए नाली का निर्माण सही तरीके से कराया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए