गया में फेक आईडी बनाकर युवती को करता था ब्लैकमेल, शारीरिक संबंध नहीं बनाने पर दी धमकी, खोज रही पुलिस
कोतवाली थाने की तस्वीर
गया शहर में एक युवती को सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल कर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर रोहतास निवासी युवक के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
Gaya News: (रोशन कुमार) शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने डिजिटल ब्लैकमेलिंग और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव देने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले को पुलिस के वरीय अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए रोहतास जिले के गोपालगंज-सासाराम इलाके निवासी अमन कुमार मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
आपके शहर में
फेक आईडी बनाकर वायरल करता था फोटो
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपित अमन कुमार मिश्रा उसके फोटो और मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल कर रहा था. उसने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर युवती के नाम और तस्वीर के साथ आपत्तिजनक बातें पोस्ट कीं और उसे यू-ट्यूब पर भी अपलोड कर दिया.
शारीरिक संबंध नहीं बनाने पर दी धमकी
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपित लगातार फोन कर गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी देता था. साथ ही वह दबाव बना रहा था कि अगर उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाया गया तो समाज में बदनाम कर देगा और रहने लायक नहीं छोड़ेगा.
परिवार और दोस्तों तक फैलाई गलत अफवाह
पीड़िता के अनुसार आरोपित ने इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर उसके परिवार वालों और कॉलेज के दोस्तों को मैसेज व कॉल कर गलत अफवाहें भी फैलाईं. युवती ने बताया कि उसके पास धमकी भरे कॉल, चैट, स्क्रीनशॉट और रिकॉर्डिंग जैसे कई डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं.
आत्महत्या करने को मजबूर कर रहा था
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपित लगातार मानसिक दबाव बना रहा था और आत्महत्या करने तक की धमकी दे रहा था. उसने इंटरनेट के जरिए एडिटेड फोटो और आपत्तिजनक सामग्री वायरल कर युवती को प्रताड़ित करने की कोशिश की.
कोतवाली थाने में दर्ज हुआ केस
पीड़िता के बयान के आधार पर कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने आरोपित अमन कुमार मिश्रा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपित के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है.
Also Read: गया में झारखंड पुलिस के हवलदार से ठगी, मोबाइल छीन खाते से उड़ाए 35 हजार रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए