गया जंक्शन के डेल्हा साइड का हाल-बेहाल, जहां तहां ऑटो-ई-रिक्शा का कब्जा, 3 महीने में 70 वाहन जब्त
जहां-तहां खड़े ऑटो
Gaya Junction : गया जंक्शन के डेल्हा साइड पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए स्थिति गंभीर बनी हुई है. रेलवे प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की गई है.
Gaya Junction : गया जी रेलवे स्टेशन के डेल्हा साइड स्थित प्लेटफॉर्म नंबर 1-सी और आरपीएफ पोस्ट के समीप ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़े किए जा रहे हैं. स्टेशन से बाहर निकलने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की भीड़ के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है.
महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही सबसे ज्यादा दिक्कत
यात्रियों का कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने लगते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और कई बार पैदल चलने तक की जगह नहीं बचती. महिलाओं, बुजुर्गों और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है. जाम के कारण कई यात्रियों को ट्रेन पकड़ने या स्टेशन से बाहर निकलने में अतिरिक्त समय लग जाता है.
तीन महीनों में 70 से अधिक वाहन जब्त
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) समय-समय पर स्टेशन परिसर में अभियान चलाकर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करता रहा है. आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन महीनों में 70 से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है. इसके बावजूद अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है.
कार्रवाई के बाद फिर लौट आती है पुरानी स्थिति
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही ऑटो और ई-रिक्शा चालक दोबारा स्टेशन के बाहर पुराने तरीके से वाहन खड़ा कर सवारी उठाने लगते हैं. यात्रियों का मानना है कि केवल अभियान चलाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है.
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से की ये मांग
रेल यात्रियों रोशन कुमार, अजीत कुमार, सोहन कुमार और अजय कुमार ने रेलवे प्रशासन एवं आरपीएफ से डेल्हा साइड की यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की मांग की है. उनका कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड का सख्ती से पालन कराया जाए, नियमित गश्त की जाए, बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो, निर्धारित पिकअप प्वाइंट बनाए जाएं और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए