रात में गायब हुआ एकलौता बेटा, गया जी पुलिस ने परिवार को डांटकर भगाया, सुबह मिला लहूलुहान शव

Updated:
विज्ञापन

म़तक युवक और उसके परिजन.

Gaya Ji News : गया जी के वजीरगंज में एक युवक का लहूलुहान शव बरामद किया गया. वहीं उसकी कार लेकर भाग रहे तीन युवकों को भी लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी के वजीरगंज में बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक हंसते-खेलते परिवार का इकलौता चिराग बुझा दिया. मामला बुनियादगंज थाना क्षेत्र के भीम नगर का है. रघुनंदन दास के पुत्र रविकांत कुमार उर्फ रॉकेट की बेरहमी से हत्या कर दी गयी. शनिवार की सुबह पुनावां गांव स्थित बगाही पहाड़ के पीछे से उसका लहूलुहान शव बरामद किया गया. साथ ही खून से सनी युवक की कार के साथ भागने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को ग्रामीणों की तत्परता से पुलिस ने दबोच लिया. पुलिस अब इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए गिरफ्तार युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

परिजनों के मुताबिक रविकांत शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे अपनी टाटा डिजायर कार लेकर पंचानपुर के लिए निकला था. उसने अपने दोस्त की बहन की विदाई कराने की बात कही थी. घर से निकलते समय उसने अपनी मां से वादा किया था कि वह रात नौ बजे तक हर हाल में वापस लौट आयेगा. लेकिन जैसे ही रात के नौ बजे, रविकांत का मोबाइल अचानक बंद हो गया. इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गयी और वे अनहोनी की आशंका से कांप उठे.

मृतक युवक की बहन व अन्य परिजन.

गुमशुदगी की शिकायत करने गए तो थानेदार ने डांटकर भगाया

परिजनों का आरोप है कि रात में रविकांत का फोन स्विच ऑफ आने के बाद वे लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें भनक लगी कि रविकांत के दोस्त और उसकी कार वजीरगंज थाने के पास देखे गये हैं. परिजन तुरंत वजीरगंज थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष से रविकांत को तलाशने की गुहार लगायी, लेकिन पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाते हुए उनकी बात को अनसुना कर दिया. परिजनों का दावा है कि थानेदार ने उन्हें डांट-फटकार कर सुबह आने की बात कहकर थाने से भगा दिया.

शनिवार की सुबह उन्हें पता चला कि रविकांत की कार वजीरगंज थाने में लगी है. जब परिवार ने थाने पहुंचकर गाड़ी देखी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी. गाड़ी के अंदर खून के गहरे धब्बे थे.

मृतक रविकांत की फाइल फोटो.

ग्रामीणों की सूझबूझ से पकड़े गए कार सवार युवक

शनिवार की सुबह कुर्किहार हाइस्कूल के पास लोगों ने एक कार को गुजरते देखा. उनकी नजर कार के अंदर और बाहर लगे खून के गहरे धब्बों पर पड़ गयी. उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखायी और घेराबंदी करके गाड़ी को रोक लिया. कार के अंदर तीन युवक सवार थे. जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो सभी सकपका गये. संदेह होने पर ग्रामीणों ने तीनों को वजीरगंज पुलिस के हवाले कर दिया.

बगाही पहाड़ी के पीछे मिला शव

पुलिस ने जब हिरासत में लिये गये युवकों से कड़ाई से पूछताछ की, तब जाकर रविकांत की हत्या का राज खुला. इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि पुनावां के बगाही पहाड़ के पीछे एक युवक की लाश पड़ी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, जिसकी पहचान रविकांत के रूप में हुई. वहीं गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बुनियादगंज के अलीपुर निवासी सावन कुमार, विक्रम कुमार और शुभम कुमार के रूप में हुई है. सभी मृतक के दोस्त बताये जा रहे हैं. सुबह करीब नौ बजे एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये.

शव के साथ सड़क जाम करते लोग.

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर स्पीडी ट्रायल की मांग की

इस हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को बगाही पहाड़ के पास मुख्य सड़क पर रखकर जाम करने की कोशिश की. लोग पुलिस की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. बाद में स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेज दिया है. पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीण अब प्रशासन से दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं.

Also Read : तकनीक आधारित और पारदर्शी न्याय व्यवस्था की जरूरत, सीएम सम्राट चौधरी ने गया जी में रखा प्रस्ताव

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन