गया जी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल उड़ानें, इंडिगो की बैंकॉक फ्लाइट का शेड्यूल जारी

Ai जेनरेटेड सांकेतिक इमेज
Gaya Airport International Flights : बोधगया आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. गया जी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय विमानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. कई प्रमुख एयरलाइंस ने अपना विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है, जिससे यात्रा और सुगम होगी.
Gaya Airport International Flights : विश्व शांति की कामना और महाबोधि मंदिर में दर्शन के लिए बोधगया आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. गया जी एयरपोर्ट से आगामी 25 अक्टूबर से इंटरनेशनल विमानों की आवाजाही शुरू होने जा रही है. पर्यटन सीजन को देखते हुए कई प्रमुख एयरलाइंस ने अपना विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है.
इन एयरलाइंस ने जारी किया विमानों का शेड्यूल
गया जी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने के लिए कई विमानन कंपनियों ने तैयारी पूरी कर ली है. पहले चरण में थाई एयर एशिया, थाई एयरलाइंस, ड्रुक एयर, भूटान एयरलाइंस और इंडिगो ने अपना शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंप दिया है. बोधगया के विंटर सीजन में देश-विदेश से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है.
26 अक्टूबर से बैंकॉक के लिए उड़ेगा इंडिगो का विमान
गया जी एयरपोर्ट से पहली बार इंटरनेशनल फ्लाइट की सेवा शुरू कर रही इंडिगो ने भी अपना शेड्यूल तय कर लिया है. आगामी 26 अक्टूबर से इंडिगो के विमान गया जी से बैंकॉक के लिए प्रतिदिन उड़ान भरेंगे. वहीं थाई एयर एशिया और थाई एयरलाइंस 25 अक्टूबर से अपनी विमान सेवा की शुरुआत करने जा रही हैं.
भूटान और पारो से भी शुरू होगी सीधी कनेक्टिविटी
पड़ोसी देशों से कनेक्टिविटी बढ़ाते हुए भूटान एयरलाइंस 28 अक्टूबर से पारो और गया जी एयरपोर्ट के बीच हवाई सेवा शुरू करेगी. इसके अलावा एक नवंबर से ड्रुक एयर के विमानों का भी परिचालन शुरू हो जाएगा. इन उड़ानों से महाबोधि मंदिर आने वाले भिक्षुओं और पर्यटकों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी.
म्यांमार के शेड्यूल और चार्टर्ड विमानों का है इंतजार
गया जी एयरपोर्ट कार्यालय के अनुसार म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल का विंटर शेड्यूल भी जल्द ही जारी होने की उम्मीद है. इसके साथ ही पर्यटन सीजन के दौरान वियतनाम और कंबोडिया से भी चार्टर्ड विमानों की आवाजाही नियमित रूप से होगी. चार्टर्ड उड़ानों के लिए विमानों के आगमन से कुछ दिन पहले ही अनुमति प्राप्त की जाती है.
Also Read : 30 जुलाई से शुरू होगा सावन, गयाजी के शिवालयों में उमड़ेगी आस्था की भीड़, तैयारियां तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










