रांची से मुजफ्फरपुर जा रही बेकाबू कार ने पहले बाइक को रौंदा, फिर ट्रक में जा घुसी
Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 28 Feb 2026 10:58 PM
चंदौती थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे पर इंग्लिश गांव के समीप एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से चेन रिएक्शन जैसी दुर्घटना हुई.
गया जी. चंदौती थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे पर इंग्लिश गांव के समीप एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से चेन रिएक्शन जैसी दुर्घटना हुई, जिसमें तीन वाहनों की भीषण टक्कर हो गयी. इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है. चश्मदीद ग्रामीणों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और वह अचानक बेकाबू हो गयी. कार ने सबसे पहले सामने जा रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद कार चालक ने वाहन को संभालने की हड़बड़ाहट में नियंत्रण पूरी तरह खो दिया और कार सीधे एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया.
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गयी और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. स्थानीय लोगों ने बिना पुलिस का इंतजार किये तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एक निजी वाहन से मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आयी हैं. वहीं, जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें सवार एक महिला और एक छोटे बच्चे के हाथ में भी गहरी चोटें लगी हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि कार सवार परिवार रांची से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By PRANJAL PANDEY
मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










