गया जी : स्कूल जाते समय बच्चों पर गिरी आकाशीय बिजली, शेरघाटी में छठी के छात्र की मौत, तीन घायल

Updated:
विज्ञापन

बच्चे की मौत के बाद रोता बिलखता परिवार

Gaya Ji Lightning strike : गया जी जिले के शेरघाटी में स्कूल जा रहे बच्चों पर आकाशीय बिजली गिर गई. इस दुखद हादसे में छठी कक्षा के एक छात्र अंकुश राज की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.

विज्ञापन

Gaya Ji Lightning strike : गया जी जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव में बुधवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों पर आकाशीय बिजली गिरने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्कूल जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

शेरघाटी थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव निवासी राजेश यादव के पुत्र एवं छठी कक्षा के छात्र अंकुश राज अपने साथियों के साथ स्कूल जा रहा था. इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और बच्चे बारिश से बचने के लिए एक घर के दरवाजे पर खड़े हो गए. तभी आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे उसकी चपेट में आ गए. परिजन अंकुश को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

तीन बच्चों का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में बेलडीह गांव निवासी रविंद्र पासवान के पुत्र अमित कुमार, राजकुमार यादव के पुत्र आंशू कुमार तथा बीटी बीघा भुईंटोली निवासी कौलेश्वर मांझी के पुत्र चुड्डु कुमार घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

ग्रामीणों के अनुसार अंकुश राज स्वभाव से शांत, मिलनसार और पढ़ाई में मेधावी छात्र था. उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. अंकुश दो भाइयों और दो बहनों में से एक था. उसके एक भाई के दिव्यांग होने की भी जानकारी सामने आई है. बेटे की मौत के बाद मां रेखा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. मौसम खराब होने पर पेड़ों या खुले मैदानों में शरण लेने से भी बचने की सलाह दी गई है.

Also Read : बांकेबाजार के विद्यार्थियों का सपना हुआ साकार, आज से शुरू हुआ राजकीय डिग्री महाविद्यालय



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन