इश्तियाक अहमद हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाल जताया विरोध, पुलिस कार्यशैली पर उठाए सवाल

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालते लोग | Prabhat Khabar Network
गया में इश्तियाक अहमद हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग को लेकर इंसाफ मंच ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की गुहार लगाई.
Gaya ji News : गया जिले के पंचायती अखाड़ा निवासी जमीन कारोबारी इश्तियाक अहमद की हत्या के 45 दिन बाद भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. बुधवार को सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की मांग की. मृतक के परिजनों के साथ सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने भी मार्च में भाग लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.
परिजनों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
न्याय मार्च में मृतक की मां, भाई अतीक अहमद, एखलाक अहमद और शाहनवाज हुसैन समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. मृतक की मां ने कहा कि उनके बेटे के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए. उन्होंने मुख्यमंत्री, डीएम और एसएसपी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की। परिजनों ने कहा कि देरी से न्याय मिलने से उनका भरोसा कमजोर हो रहा है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ जल्द ठोस कार्रवाई की मांग दोहराई.
45 दिन बाद भी कई आरोपित गिरफ्त से बाहर : भाकपा माले
भाकपा (माले) के गया नगर प्रभारी तारिक अनवर ने कहा कि घटना को 45 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस की जांच और कार्रवाई से इंसाफ पसंद लोग निराश हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अब भी कई नामजद आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. मृतक का मोबाइल फोन भी अब तक बरामद नहीं किया जा सका है, जिससे जांच की गति पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले में तेजी लानी चाहिए. दोषियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी चिंता का विषय है.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
इंसाफ मंच के जिला प्रभारी मोहम्मद शेरजहां ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रहे जघन्य अपराधों से लोगों में भय का माहौल है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भी पुलिस की जांच और कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रही है. उन्होंने मगध रेंज के आईजी और गया के एसएसपी से जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने और कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. न्याय मार्च में भाकपा (माले) जिला कमेटी सदस्य रामचंद्र प्रसाद, सिद्धनाथ सिंह, तारिक अनवर, नूर शेख, मोहम्मद आजम, साबिर खान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
Also Read : रहुई में बोरे में बंद महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










