भटककर बिहार पहुंची हरियाणा की किशोरी, बेलागंज पुलिस ने परिवार से मिलाकर जीता दिल

किशोरी को पुलिस ने उसके पिता और परिजनों को सौंप दिया.
Gaya Ji News: गया के बेलागंज थाना पुलिस ने हरियाणा की एक लापता किशोरी को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया. पुलिस की इस मानवीय पहल की हर ओर सराहना हो रही है.
बेलागंज से अजीत कुमार की रिपोर्ट :
Gaya Ji News: गयाजी जिले के बेलागंज थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हरियाणा की एक लापता किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया. पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों के साथ-साथ किशोरी के परिवार ने भी सराहना की है.
भटककर बेलागंज पहुंच गई थी किशोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा की रहने वाली एक किशोरी भटककर बेलागंज पहुंच गई थी. वह बेलागंज स्थित काली मंदिर परिसर में पहुंची, जहां उसकी स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ. लोगों ने इसकी सूचना तुरंत बेलागंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित थाने ले आई.
थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस ने किशोरी की पहचान हरियाणा निवासी के रूप में की. इसके बाद बेलागंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा पुलिस से संपर्क स्थापित किया और किशोरी के परिजनों को इसकी जानकारी दी. पुलिस के प्रयासों के बाद बुधवार को किशोरी के पिता रामदयाल हरियाणा पुलिस के साथ बेलागंज थाना पहुंचे.
पुलिस ने किशोरी को उसके पिता को सौंप दिया
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोरी को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया. इस संबंध में एसएचओ (SHO) सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य किशोरी की सुरक्षा सुनिश्चित करना था, जिसमें सफलता मिली.
अपनी बेटी को सकुशल पाकर उसके माता-पिता भावुक हो गए और बेलागंज थाना पुलिस तथा थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया. यह घटना पुलिस की मानवीय संवेदनाओं और जिम्मेदार कार्यशैली का शानदार उदाहरण है.
Also Read: गयाजी के 99 निजी स्कूलों को जल्द मिलेगा U-DISE Code, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










