गया जी : बांकेधाम का एक माह का श्रावणी मेला संपन्न, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मेले में उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
गया जी के बांकेधाम में एक माह चला श्रावणी मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है. मनोकामना महादेव मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
गया जी जिले के प्रसिद्ध बांकेधाम में एक माह तक चलने वाला श्रावणी मेला शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. सावन पूर्णिमा के अवसर पर गिद्दी पहाड़ी स्थित मनोकामना महादेव मंदिर में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हजारों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव, जय शिवशंकर और बोल बम के जयकारे लगाते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
आपके शहर में
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर की गई थी सख्त बैरिकेडिंग
मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
बीडीओ डॉ उदय कुमार, थानाध्यक्ष पवन कुमार तथा रेंजर नीतिकेश कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. भीड़ नियंत्रण के लिए भलुहार मोड़, डुमरावां मोड़ और जोंधी मोड़ के पास बैरिकेडिंग कर मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी.
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
रेंजर नीतिकेश कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बांकेधाम मंदिर में अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.
झूलों, मौत का कुआं और वैष्णो देवी गुफा का लोगों ने उठाया लुत्फ
श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के साधन लगाए गए थे.
टावर झूला, मिक्सर झूला, ब्रेक डांस, तोड़ा-तोड़ा, मिक्की माउस, मौत का कुआं, भूत बंगला और जलपरी समेत अन्य आकर्षणों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया. माता वैष्णो देवी गुफा, जलपरी और मिक्सर झूला मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा.
समिति, प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ मेला
मेला समिति के अध्यक्ष अजय पासवान ने कहा कि श्रावणी मेले के सफल संचालन में समिति के सदस्यों, प्रशासन और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला. सभी के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए