अनियंत्रित पिकअप वैन ने कई लोगों को रौंद, महिला समेत चार लोगों की मौत

Updated at : 01 Oct 2018 5:55 AM (IST)
विज्ञापन
अनियंत्रित पिकअप वैन ने कई लोगों को रौंद, महिला समेत चार लोगों की मौत

गया : गया-पंचानपुर रोड स्थित जमुने गांव के पास रविवार को अनियंत्रित पिकअप वैन ने दो बाइकों पर सवार लोगों को रौंद दिया. इसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गयी. घटना से गुस्साये लोगों ने गया-पंचानपुर रोड को कई घंटे तक जाम कर रखा. जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे टाउन […]

विज्ञापन
गया : गया-पंचानपुर रोड स्थित जमुने गांव के पास रविवार को अनियंत्रित पिकअप वैन ने दो बाइकों पर सवार लोगों को रौंद दिया. इसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गयी. घटना से गुस्साये लोगों ने गया-पंचानपुर रोड को कई घंटे तक जाम कर रखा. जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे टाउन सीओ विजय कुमार सिंह व चंदौती थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने लोगों को समझाया और जाम हटवाया. प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया.
बताया जाता है कि खरखुरा भटबिगहा के रहनेवाले 55 वर्षीय किशोरी यादव जमुने गांव स्थित अपनी खेती को देख कर बाइक से अपने 20 वर्षीय छोटे बेटे रोशन कुमार के साथ घर को लौट रहे थे. जमुने गांव से पहले ही गया की ओर से आ रहे पिकअप वैन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी. इसमें दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बाइक में टक्कर मारने के बाद वैन का चालक और भी तेज गति से वाहन को भगाने लगा. अनियंत्रित गति से आ रहे पिकअप वाहन को देख पंचानपुर के देगुना गांव से लौट रहे बड़की डेल्हा परैया रोड के 38 वर्षीय देवनंदन यादव सुरक्षा के ख्याल से अपनी बाइक को सड़क किनारे रोक कर खड़े हो गये, पर बेलगाम पिकअप वैन ने उन्हें भी चपेट में ले लिया.
बाइक पर उनकी 35 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी बैठी हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप वैन की चपेट में आये पति-पत्नी करीब 200 गज तक रगड़ खाते हुए खेत में चले गये. इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये और वैन पलट गया. मौके जुटे आसपास ग्रामीण घायल पड़े पति-पत्नी को अस्पताल ले गये पर रास्ते में देव नंदन यादव और उनकी पत्नी गुड़िया देवी ने मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया. इधर, वैन चालक मौके से फरार हो गया.
अस्पताल तक परिजनों के चीत्कार से दहला : चारों मृतकों के परिजन घटनास्थल से अस्पताल तक चीत्कार करते रहे. उनके चीत्कार से माहौल गमगीन बना रहा. घटनास्थल पर किशोरी यादव व रोशन का शव घंटों पड़ा रहा. इस दौरान मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा था. हर कोई यही कह रहा था कि अपनी साइड में चलने के बाद भी पिकअप वैन के ड्राइवर ने रौंद दिया. इधर, शिक्षक देवनंदन यादव व उनकी पत्नी गुड़िया देवी की मौत की सूचना पर मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे परिजनों का हाल बुरा था. शिक्षक की मां कुसिया देवी कह रही थी कि अब छोटे-छोटे चार बच्चों को कौन संभालेगा.
शिक्षक दंपती के परिवार में एक लड़की व चार लड़के : मृतक शिक्षक दंपती के परिवार में एक लड़की व तीन लड़के हैं. इनमें सबसे बड़ी 12 वर्षीय लड़की काजल कुमारी, सात वर्षीय आकाश कुमार, छह वर्षीय आशीष कुमार व चार वर्षीय आयुष कुमार है. शिक्षक का मूल घर देगुना में था, इसी गांव में उनकी पत्नी गुड़िया देवी स्कूल में शिक्षिका थीं. खुद देवनंदन यादव नवादा के अकबरपुर में शिक्षक थे. ससुराल में कोई नहीं होने के कारण बड़की डेल्हा में रहने लगे थे. उनका इमलियाचक भटबिगहा में भी मकान है.
क्या कहा थानाध्यक्ष और सीओ ने
चंदौती थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने बताया कि जमुने गांव के पास अनियंत्रित पिकअप वैन ने दो बाइक पर सवार चार लोगों को रौंद दिया है. इसमें दो की घटनास्थल पर व दो की मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान मौत हुई है. जांच कर कार्रवाई की जा रही है. पिकअप वैन को कब्जे में ले लिया गया है. इधर, सीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि चारों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक मुआवजे के तौर पर दे दिया गया है. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन