Patna News: जीएनएम कॉलेज का बिजली व पानी का कनेक्शन कटा, परिसर खाली कर अपने घर लौट गयीं नर्सिंग छात्राएं

Patna News: हॉस्टल व कॉलेज की बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया, जिसके बाद जगह को पूरी तरह से खाली कर दिया गया. वहीं हंगामा होता देख मजिस्ट्रेट व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो प्रदर्शन कर रहे आइसा के कार्यकर्ता चले गये.
पटना. पीएमसीएच परिसर में पिछले तीन दिनों से चल रहे जीएनएम कॉलेज का मामला शनिवार को शांत हो गया. अंतत: जीएनएम कॉलेज अब वैशाली जिले के राजापाकड़ में ही शिफ्ट किया जायेगा. छात्राओं ने पूरी तरह से परिसर को खाली कर दिया और अपने-अपने घर लौट गयीं. हालांकि, शनिवार को भी कुछ छात्राओं व आइसा के कार्यकर्ताओं ने परिसर में नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका. लेकिन मामले को बढ़ता देख हॉस्टल व कॉलेज की बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया, जिसके बाद जगह को पूरी तरह से खाली कर दिया गया. वहीं हंगामा होता देख मजिस्ट्रेट व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो प्रदर्शन कर रहे आइसा के कार्यकर्ता चले गये. कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्राओं के साथ मारपीट करना दंडनीय अपराध है.
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से की गयी है. दोपहर में सभी छात्राएं अपना-अपना सामान लेकर अपने घर चली गयीं. हॉस्टल खाली होते ही पीएमसीएच प्रशासन ने खुद का ताला जड़ दिया है. वहीं जानकारी देते हुए पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ आइएस ठाकुर ने बताया कि कॉलेज व हॉस्टल अब पूरी तरह से खाली हो गया है. सोमवार को परिसर में काम कर रही एलएनटी कंपनी को हैंडओवर कर दिया जायेगा. संभवत: मंगलवार से कॉलेज टूटने का काम शुरू हो जायेगा.
Also Read: Bihar News: रांची से चोरी गयी बस के साथ परसा बाजार से एक गिरफ्तार, इसी से थी शराब बिहार भेजने की तैयारी
उन्होंने कहा कि अभी कॉलेज अगले आदेश तक अनिश्चितकालीन बंद रहेगा. यहां बता दें कि बीते दिनों पीएमसीएच जीएनएम कॉलेज को वैशाली जिले के राजापाकड़ में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है. इसके बाद कॉलेज की नर्सिंग छात्राएं बीते बुधवार से हड़ताल पर थीं. शुक्रवार को पुलिस व छात्राओं के बीच मारपीट तक नौबत आ गयी, जिसके बाद 40 छात्राओं को पीरबहोर थाने में पुलिस ने हिरासत में लिया था. हालांकि देर रात छोड़ दिया गया. नर्सिंग छात्राएं राजापाकड़ शिफट नहीं होना चाहतीं थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




