तेज रफ्तार बुलेट सीधे ट्रक में घुसी, आर्मी जवान समेत तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत

सड़क जाम करते स्थानीय लोग तथा सीएचसी के बाहर जमा लोग
कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में शनिवार रात धबौलिया पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बुलेट एक खड़े ट्रक से जा टकराई, जिसमें आर्मी जवान अखिलेश आनंद सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड क्षेत्र के एसएच-56 पर धबौलिया पुल के पास शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही बुलेट पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई. मृतकों में एक आर्मी जवान भी शामिल है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि तीनों परिवारों में कोहराम मच गया.
Kusheshwarasthan News: खड़े ट्रक से जा भिड़ी तेज रफ्तार बुलेट
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन युवक बुलेट से धबौलिया से कुशेश्वरस्थान की ओर जा रहे थे. धबौलिया पुल पर पहले से खड़े ट्रक को चालक समय रहते देख नहीं सका और तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
आर्मी जवान समेत तीन युवकों की हुई मौत
स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल कुशेश्वरस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मो. सोहराब ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़गांव निवासी आर्मी जवान अखिलेश आनंद, धबौलिया निवासी पंकज राय (38) और केवटगाम पंचायत के भरडीहा निवासी बादल यादव (30) के रूप में हुई है.
सड़क जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया. हादसे के विरोध में आक्रोशित लोगों ने धबौलिया गांव के पास सड़क जाम कर दिया. बाद में एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम समाप्त कराया.
हादसे के बाद गांवों में पसरा मातम
तीनों युवकों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही बड़गांव, धबौलिया और भरडीहा गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष पोद्दार
संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










