ePaper

सीडीपीओ के खिलाफ जमकर बरसे सदस्य, तबादले का प्रस्ताव पारित

Updated at : 30 Jan 2026 6:18 PM (IST)
विज्ञापन
सीडीपीओ के खिलाफ जमकर बरसे सदस्य, तबादले का प्रस्ताव पारित

पंचायत समिति की बैठक शुक्रवार को प्रखंड सभागार में प्रमुख सविता कुमारी की अध्यक्षता में हुई.

विज्ञापन

अलीनगर. पंचायत समिति की बैठक शुक्रवार को प्रखंड सभागार में प्रमुख सविता कुमारी की अध्यक्षता में हुई. इसमें कुछ पंचायत समिति सदस्यों ने विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे शोर-शराबा के साथ उठाया. इसपर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया. वहीं जिन विभागों के अधिकारियों ने प्रतिनिधि भेज रखे थे, उन्हें फजीहत का सामना करना पड़ा. इनमें सीडीपीओ अंजू कुमारी नहीं पहुंची थी. उनकी ओर से दो प्रतिनिधि एलएस नीलम कुमारी तथा अंजू कुमारी मौजूद थी. सदस्यों ने सीडीपीओ को तलब किया. दस मिनट में आने की बात कहने के बावजूद वे नहीं पहुंची. इसपर सदस्यों का आक्रोश और बढ़ गया. सभीने कहा कि करीब पांच वर्षों से यहां उनका जमे रहना भ्रष्टाचार का प्रमाण है. उनका तबादला होना चाहिए. इसे प्रस्ताव में दर्ज किया गया. इसी प्रकार स्वास्थ्य व अभियंत्रण विभाग के अधिकारी के बदले एक संवेदक अनाधिकारिक रूप से उपस्थित हुए थे. वे भी सदस्यों को संतुष्ट नहीं कर सके. सदस्यों ने उनकी उपस्थिति को ही गलत बताते हुए आक्रोश व्यक्त किया. इसपर दोनों प्रतिनिधि सदन से बाहर निकल गए. उन सभीपर जमकर बरसने वालों में पंसस प्रेम कुमार यादव, पुरुषोत्तम सिंह, मो. नौशाद व शकील अहमद शामिल थे. वहीं विद्यालयों में मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी करने का आरोप मुखिया मनेसुर रहमान ने लगाया. कहा कि बच्चों की उपस्थिति कम रहती है और हाजिरी अधिक का बनाकर गोलमाल किया जाता है. इसे प्रभारी एमडीएम रंजीत कुमार यादव ने खारिज करते हुए बताया कि वे स्वयं व बीइओ भी इसका निरीक्षण करते हैं. इसके अलावा सदस्यों ने राशन कार्ड से नाम डिलिट करने के लिए जो सूची पीडीएस डीलरों को भेजी गयी है, उसपर भी प्रश्न उठाये. इसपर एमओ मोनिका कुमारी ने कहा कि इसमें ऐसे लोग अपना उचित पक्ष रखते हुए डीलरों के यहां आवेदन जमा कर दें. उसका समाधान किया जायेगा. वहीं स्ट्रीट लाइट आदि के मुद्दे पर मुखिया विप्लव कुमार चौधरी ने प्रश्न उठाया. इसका जवाब पंचायती राज पदाधिकारी दीपिका झा ने दिया. सदस्यों ने विरोध करते हुए जिला में पुलिस अंचल के गठन के क्रम में अलीनगर को मनीगाछी से जोड़ने की संभावनाओं की फैल रही खबर का विरोध किया. कहा कि मनीगाछी की दूरी 20 किलोमीटर से अधिक हो जाएगी, जो स्वीकार नहीं किया जाएगा. वहीं 21 प्रावि में रिक्त पदों पर एचएम नियुक्त करने तथा प्रावि नावानगर दक्षिणी को अविलंब उत्क्रमित मध्य विद्यालय का दर्जा दिए जाने का प्रस्ताव लिया गया. मौके पर बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी ललित कुमार मिश्र, सीओ कुमार शिवम आदि शामिल थे.

विज्ञापन
RANJEET THAKUR

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

RANJEET THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन