12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटेंगे लंबित ट्रैफिक चालान, 50% तक छूट का मौका
हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
दरभंगा में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लंबित ट्रैफिक चालान का समाधान किया जाएगा. 90 दिन से पुराने चालान पर 50% तक की छूट का लाभ उठाएं. अधिक जानकारी के लिए DTO कार्यालय में प्री-वेरिफिकेशन काउंटर 7-11 सितंबर तक संचालित होगा.
दरभंगा: 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान के मामलों के निस्तारण को लेकर बुधवार को समाहरणालय परिसर से डीएम कौशल कुमार ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान डीएम ने जिलेवासियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सुलह एवं समझौते के माध्यम से अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराने की अपील की.
12 सितंबर को होगा चालान का निस्तारण
डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम लोगों को सुलहनीय वादों एवं विवादों का सरल, शीघ्र और प्रभावी तरीके से निस्तारण कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है. 12 जून 2026 तक के लंबित ट्रैफिक चालान का निस्तारण भी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है.
ट्रैफिक चालान के निस्तारण में सुविधा के लिए 7 से 11 सितंबर तक जिला परिवहन कार्यालय में प्री-वेरिफिकेशन काउंटर संचालित किया जा रहा है. डीएम ने संबंधित वाहन मालिकों से निर्धारित अवधि में DTO कार्यालय पहुंचकर अपने लंबित चालान का प्री-वेरिफिकेशन कराने की अपील की, ताकि 12 सितंबर को लोक अदालत में चालान का त्वरित निस्तारण हो सके.
90 दिन पुराने चालान पर 50% तक छूट
डीएम ने बताया कि 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालान के मामलों में पात्र वाहन मालिकों को नियमानुसार 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिल सकता है. उन्होंने लोगों से अनावश्यक विलंब से बचते हुए समय पर प्री-वेरिफिकेशन कराने और राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की.
तीनों अनुमंडलों में होगी लोक अदालत
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिले के तीनों अनुमंडलों में किया जाएगा. सदर अनुमंडल क्षेत्र के लोग पोलो मैदान, लहेरियासराय में लंबित ट्रैफिक चालान का निस्तारण करा सकेंगे. वहीं बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के लिए बेनीपुर व्यवहार न्यायालय और बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के लिए बिरौल व्यवहार न्यायालय में लोक अदालत आयोजित होगी.
मौके पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीटीओ रवि कुमार आर्य, पीआरडीओ आशीष कुमार अमन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
आय से अधिक संपत्ति मामले में बहादुरपुर बीडीओ के पांच ठिकानों पर EOU की छापेमारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए