आय से अधिक संपत्ति के मामले में बीडीओ पर शिकंजा, दरभंगा से पटना-मुजफ्फरपुर तक छापेमारी
बीडीओ के आवास पर रेड
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बहादुरपुर के बीडीओ आनंद प्रकाश विभूति के दरभंगा, पटना, मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. उन पर 1.71 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.
दरभंगा: बहादुरपुर के बीडीओ आनंद प्रकाश विभूति के पांच ठिकानों पर मंगलवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने एक साथ छापेमारी की. EOU की छह सदस्यीय टीम सुबह करीब 8.55 बजे प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ के कार्यालय कक्ष पहुंची और जांच शुरू की. कार्रवाई की जानकारी मिलते ही पूरे प्रखंड मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.
पांच ठिकानों पर एक साथ हुई कार्रवाई
EOU की टीम ने बीडीओ के कार्यालय कक्ष में रखे विभिन्न सामान और दस्तावेजों की गहन जांच की. इसके अलावा दरभंगा के सैदनगर स्थित जनकपुरी मोहल्ले में उनके निजी आवास पर भी छापेमारी की गयी.
टीम के साथ सशस्त्र पुलिस बल को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. देखते ही देखते छापेमारी की कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बन गयी.
दरभंगा के अलावा मुजफ्फरपुर स्थित निजी आवास, अहियापुर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर रोड नंबर-1, पटना के दानापुर स्थित आशापुर साईं विहार अपार्टमेंट और पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के लालबेगिया स्थित पैतृक आवास पर भी एक साथ कार्रवाई की गयी.
1.71 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का प्रथमदृष्टया साक्ष्य
पटना आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी मिथिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि बहादुरपुर के वर्तमान बीडीओ आनंद प्रकाश विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला आर्थिक अपराध इकाई में आया था.
उन्होंने बताया कि करीब 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है. यह करीब 121.87 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का मामला है. इसी के आलोक में मंगलवार की सुबह पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गयी.
कई दस्तावेज और ATM कार्ड बरामद
डीएसपी के अनुसार, दरभंगा के सैदनगर स्थित जनकपुरी मोहल्ले के निजी आवास पर बीडीओ की पत्नी एवं दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की गयी. यहां से कई दस्तावेज और विभिन्न बैंकों के कई ATM कार्ड बरामद किये गये हैं.
अन्य चार ठिकानों पर चल रही जांच की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है. सभी स्थानों से जांच रिपोर्ट एकत्रित की जा रही है.
EOU में दर्ज है कांड संख्या 21/26
मिथिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि बीडीओ आनंद प्रकाश विभूति के विरुद्ध आर्थिक अपराध इकाई में कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया है. मामले का अनुसंधान किया जा रहा है.
छापेमारी के दौरान दंडाधिकारी डीसीएलआर सोनम कुमार महतो, आर्थिक अपराध इकाई के दो इंस्पेक्टर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
मैरची गांव में 491 लीटर विदेशी शराब बरामद, अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर और चालक फरार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए