LNMU PG Admission 2026: प्रथम मेरिट लिस्ट जारी, 13 से 16 जुलाई तक होगा नामांकन

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) ने पीजी प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) के लिए पहली चयन सूची जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थी 13 से 16 जुलाई के बीच अपने संबंधित विभाग या कॉलेज में नामांकन करा सकते हैं।
Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) ने पीजी प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) में नामांकन के लिए प्रथम चयन सूची शनिवार को जारी कर दी. चयन सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है. अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर चयन-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं.
13 से 16 जुलाई तक होगा नामांकन
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 22 पीजी विभागों तथा दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के 26 पीजी अध्ययन वाले कॉलेजों में 22 विषयों की कुल 10,590 सीटों पर प्रथम चयन सूची के आधार पर नामांकन होगा. सभी चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 13 से 16 जुलाई के बीच संबंधित विभाग या कॉलेज में किया जाएगा.
दस्तावेजों की होगी गहन जांच
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर चयन सूची तैयार की गई है. नामांकन से पहले अंकपत्र, आरक्षण प्रमाण-पत्र, पात्रता और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. गलत जानकारी, अंकों में हेराफेरी या पात्रता पूरी नहीं होने पर नामांकन रद्द कर दिया जाएगा.
सीबीसीएस नियमावली के अनुसार संबंधित ऑनर्स विषय में न्यूनतम 45 प्रतिशत तथा सहायक, सामान्य या संबद्ध विषय में 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ही नामांकन के पात्र होंगे. आवंटित विषय में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचे अभ्यर्थी
नामांकन के समय कॉमन एप्लिकेशन फॉर्म, चयन-पत्र, स्व-अभिप्रमाणित अंकपत्र, मूल स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी/सीएलसी), दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो, आधार कार्ड, आरक्षण एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. दूसरे विश्वविद्यालय से आने वाले विद्यार्थियों को 15 दिनों के भीतर माइग्रेशन प्रमाण-पत्र जमा करना होगा.
छात्राओं और एससी-एसटी अभ्यर्थियों से नहीं लिया जाएगा शुल्क
विश्वविद्यालय ने राज्य सरकार और न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा सभी वर्ग की छात्राओं से नामांकन के समय किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. यदि कोई विभाग या कॉलेज शुल्क वसूलता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
विश्वविद्यालय ने सभी विभागों और कॉलेजों को समर्थ पोर्टल पर प्रतिदिन नामांकन अपडेट करने का निर्देश दिया है. 17 जुलाई से इंडक्शन कार्यक्रम के साथ नियमित कक्षाएं शुरू होंगी, जबकि 18 जुलाई दोपहर दो बजे तक ऑनलाइन अपडेट पूरा करना होगा. इसके बाद रिक्त सीटों के आधार पर दूसरी चयन सूची जारी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










