Darbhanga News: कैथवार और नदियामी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन, 150 आवेदन जमा

दरभंगा की कैथवार और नदियामी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 150 आवेदन जमा हुए. अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है.
दरभंगा से विनोद वर्णवाल की रिपोर्ट
Darbhanga News: प्रखंड क्षेत्र की कैथवार और नदियामी पंचायत में मंगलवार को पंचायत सरकार भवन परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. दोनों पंचायतों में लगे शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए करीब 150 आवेदन जमा किए गए. अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की.
कई विभागों के लगाए गए काउंटर
शिविर में विद्युत विभाग, भूमि एवं राजस्व, पशुपालन, कृषि, सहकारिता, सामाजिक सुरक्षा, बाल विकास परियोजना, पंचायती राज, बीआरजीएफ, मनरेगा, पीएम आवास योजना, लोहिया स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए.
ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से जुड़े आवेदन संबंधित काउंटरों पर जमा किए. सबसे अधिक आवेदन भूमि एवं राजस्व, बाल विकास परियोजना, पीएम आवास योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित रहे.
आवेदन पोर्टल पर अपलोड कर शुरू हुई कार्रवाई
बीपीआरओ खगेन्द्र मोहन ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है. इसके साथ ही आवेदनों के निष्पादन की अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं को एक ही स्थान पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग
कैथवार पंचायत में स्थानीय मुखिया विश्वनाथ झा ने शिविर में पहुंचे अधिकारियों और कर्मियों का स्वागत किया. वहीं नदियामी पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि कन्हैया चौधरी ने अधिकारियों का स्वागत किया.
जिला स्तर से प्रतिनियुक्त एसडीसी निशांत कुमार, डीटीओ रवि कुमार आर्य, बीपीआरओ खगेन्द्र मोहन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उनके प्रतिनिधि शिविर में मौजूद रहे.
बीडीओ ने क्या बताया?
बीडीओ प्रीति कुमारी ने बताया कि जिला में आयोजित कार्यशाला में भाग लेने के कारण वह सहयोग शिविर में उपस्थित नहीं हो सकीं. अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: हत्या के मामले में पिता-पुत्र को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 75 हजार का जुर्माना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










