Darbhanga: स्कूल का प्रभार नहीं सौंपना पड़ा भारी, विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार दीपक निलंबित
ब्रह्मपुर स्थित प्लस टू ठाकुर बिंदेश्वर शर्मा उच्च विद्यालय
दरभंगा में एक विशिष्ट शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. उन पर विद्यालय का प्रभार नहीं सौंपने और विभागीय निर्देशों का पालन न करने का आरोप है. इस मामले में एक जांच समिति भी गठित की गई है.
Darbhanga Teacher Suspension: विभागीय निर्देशों का अनुपालन नहीं करने के आरोप में जाले प्रखंड के ब्रह्मपुर स्थित प्लस टू ठाकुर बिंदेश्वर शर्मा उच्च विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार दीपक को निलंबित कर दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर की ओर से तीन सितंबर को जारी आदेश में बिहार विशिष्ट शिक्षक संशोधन नियमावली-2024 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गयी है.
आपके शहर में
प्रभार नहीं सौंपने और अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने का आरोप
आदेश के अनुसार, संजय कुमार दीपक को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य करने की अनुमति दी गयी थी. इसके बावजूद उनके द्वारा विभागीय निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया. 27 जुलाई को विद्यालय के क्रियाकलापों की समीक्षा के दौरान भी कई अभिलेखों से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं करायी गयी.
इसके बाद जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से 12 अगस्त को दोबारा निर्देश जारी किया गया. इसमें विद्यालय का संपूर्ण प्रभार वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक को सौंपने के साथ ही वांछित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा गया था. आदेश में उल्लेख है कि निर्देश के बावजूद इसका अनुपालन नहीं किया गया.
तारडीह बीईओ कार्यालय रहेगा निलंबन अवधि का मुख्यालय
विभाग ने निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तारडीह के कार्यालय को निर्धारित किया है. निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.
वहीं, शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गयी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा को उपस्थापन पदाधिकारी बनाया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, संचालन को समिति का सदस्य बनाया गया है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में अपराध नियंत्रण को लेकर SSP की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के जल्द निष्पादन का निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए