घर-घर होगी 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की स्वास्थ्य जांच, महाअभियान शुरू
बहादुरपुर पीएचसी परिसर स्थित कार्यक्रम में शामिल सांसद डीएम व अन्य
दरभंगा में 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' महाअभियान का भव्य शुभारंभ हुआ है. इस अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर जाकर गंभीर और सामान्य बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. जांच में कोई बीमारी मिलने पर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से दवा और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा.
Darbhanga health campaign: दरभंगा जिले के बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य मुख्यालय से शुरू किए गए इस महाअभियान से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ गोपाल जी ठाकुर ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई. इस उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत और सिविल सर्जन डॉ अरुण कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरीय पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
आपके शहर में
Health Scheme: सांसद ने महाअभियान को बताया महत्वपूर्ण पहल
सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने इस अभियान को बिहार सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल करार दिया है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त बिहार के संकल्प के साथ राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है. इस महाअभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग छह करोड़ लोगों को चिन्हित कर गंभीर एवं सामान्य बीमारियों की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी.
प्रमुख बीमारियों की होगी घर-घर जाकर स्क्रीनिंग
अभियान के मुख्य बिंदुओं के तहत कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों तथा लिवर रोग की जांच प्रमुखता से शामिल है. स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगे. जांच में किसी भी तरह के जोखिम या बीमारी के संकेत मिलने पर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से तुरंत दवा और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा.
डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से जिले में 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने उच्च रक्तचाप, मधुमेह और सर्वाइकल कैंसर जैसे रोगों की समय पर पहचान करने पर विशेष जोर दिया, ताकि कमजोर और मध्यम वर्ग के लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर निबंधन कार्यालय में हंगामा, पेपरलेस व्यवस्था और हड़ताल के बीच अवैध वसूली का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए