पोते पर जानलेवा हमला, बचाने पहुंची दादी समेत परिजनों से मारपीट व लूट
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
जाले. देउरा
प्रतिनिधि, जाले. देउरा-बंधौली पंचायत के बघौल गांव निवासी शुभकला देवी ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध थाना में आवेदन देकर पोते पर जानलेवा हमला, मारपीट, घर में घुसकर लूटपाट एवं जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार आठ जुलाई की रात करीब आठ बजे उनका पोता प्रमेश चौपाल अपने घर के पास था, इसी दौरान गांव के देबू चौपाल, ब्रह्मदेव चौपाल उर्फ हलखोरी चौपाल, लालो देवी व रोहिनी देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी, क्रिकेट बैट, चाकू व लोहे की सरिया से उस पर हमला कर दिया. शोर सुनकर जब शुभकला देवी व परिजन बचाने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गयी. आरोप है कि लोहे की सरिया के वार से उनके परिजन चन्द्रेश्वर का सिर फट गया तथा चाकू लगने से प्रमेश चौपाल घायल हो गया. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने घर में घुसकर बख्शा तोड़ दिया और उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल तथा सोने का नथिया लूट लिया. घायलों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी जाले पहुंचाया गया, जहां मौके पर तैनात चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति देख प्राथमिक उपचार कर बेहतर चिकित्सीय सुविधा को लेकर प्रमेश चौपाल को डीएमसीएच रेफर कर दिया. पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि मामले को लेकर गांव और थाना स्तर पर पंचायत भी हुई. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने मामला दर्ज कर तहकीकात का जिम्मा एसआई उमेश पांडेय को सौंपा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए