दरभंगा: हाइकोर्ट बेंच, केंद्रीय विश्वविद्यालय से लेकर IIT-NIT-IIM तक, सांसद ने राज्यपाल के सामने रखीं कई मांगें
राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात करते सांसद गोपालजी ठाकुर | Prabhat Khabar Network
सांसद गोपालजी ठाकुर ने बिहार के राज्यपाल से दरभंगा और उत्तर बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं. इन मांगों में IIT, NIT, IIM जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना, पटना हाइकोर्ट की बेंच की मांग, और बाढ़ के स्थायी निदान शामिल हैं. यह मुलाकात क्षेत्र के विकास और नागरिकों को सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में एक अहम कदम है.
दरभंगा: सांसद गोपालजी ठाकुर ने शुक्रवार को पटना स्थित राजभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर दरभंगा और उत्तर बिहार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान सांसद ने राज्यपाल को पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया.
आपके शहर में
सांसद ने दरभंगा में पटना हाइकोर्ट की बेंच की स्थापना को आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे उत्तर बिहार के करीब आठ करोड़ लोगों को सुलभ और कम खर्च में न्याय मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के कई जिलों से पटना की दूरी अधिक होने के कारण लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए चार से सात घंटे तक की यात्रा करनी पड़ती है.
दोनों विश्वविद्यालयों को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग
डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दरभंगा स्थित दोनों विश्वविद्यालयों को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग राज्यपाल के समक्ष रखी. इसके अलावा उन्होंने डब्ल्यूआइटी को केंद्र सरकार के अधीन संचालित करने और दूरस्थ शिक्षा केंद्र के माध्यम से पुनः पठन-पाठन शुरू कराने का आग्रह किया.
उन्होंने बेनीपुर और बिरौल कॉलेज में इंटीग्रेटेड बीएड की पढ़ाई शुरू कराने की मांग भी रखी.
IIT, NIT और IIM की स्थापना का मुद्दा उठाया
सांसद ने दरभंगा में IIT, NIT, IIM और नेशनल डिजाइन इंस्टीट्यूट की स्थापना की मांग भी राज्यपाल के सामने रखी. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
इसके अलावा सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को मिथिला सर्किट से जोड़ने की मांग की गयी.
बाढ़ के स्थायी निदान और औद्योगिक विकास पर जोर
सांसद ने उत्तर बिहार की प्रमुख समस्याओं में शामिल बाढ़ के स्थायी निदान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता बतायी.
इस दौरान सांसद ने इन समेत दो दर्जन से अधिक मुद्दों से संबंधित पत्र राज्यपाल को सौंपे और इन मांगों पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में बंदरों के आतंक से परेशानी, पार्षदों ने शुरू कराया निजी स्तर पर पकड़ने का अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए