दरभंगा क्राइम: बहेड़ी में बेखौफ चोरों का तांडव! लगातार चोरी से भड़के ग्रामीण, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
गांव में चोरी से गुस्साए ग्रामीण (सांकेतिक तस्वीर, AI जेनरेटेड)
बहेड़ी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. कई गांवों में भैंस, गैस सिलेंडर और खेतों से पटवन की मोटर चोरी होने की शिकायतें सामने आयी हैं. सधुआ गांव में भैंस चोरी का मामला दर्ज हुआ है.
दरभंगा क्राइम: बहेड़ी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है. भैंस, गैस सिलेंडर और खेतों से पटवन की मोटर चोरी होने की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है. ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं. उनका कहना है कि थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ दर्जन पुलिस पदाधिकारी तैनात होने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है.
कई गांवों में चोरी की घटनाओं से चिंता
ग्रामीणों के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अलग-अलग तरह की चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं. पघारी गांव में मुख्य सड़क के किनारे स्थित दरवाजे से भैंस चोरी होने की घटना पहले सामने आ चुकी है. इसके अलावा दो अन्य लोगों के दरवाजे से भी भैंस चोरी होने की बात ग्रामीणों ने बतायी है.
वहीं, कई घरों से गैस सिलेंडर चोरी होने के साथ ही दर्जनों गांवों में किसानों के खेतों से पटवन के लिए इस्तेमाल होने वाली मोटर भी चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं. इससे किसानों और ग्रामीण परिवारों की चिंता बढ़ गयी है.
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाये सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी की कई घटनाओं के बाद मामले दर्ज तो होते हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं. लोगों का कहना है कि कई मामले पुलिस की फाइलों तक ही सीमित होकर रह जाते हैं.
ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.
सधुआ गांव में घर से भैंस चोरी
इधर, सधुआ गांव में मनोज यादव की पत्नी बबिता देवी की भैंस चोरी हो गयी. इस मामले में उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पुलिस को दिये आवेदन में बबिता देवी ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब नौ बजे उन्होंने अपनी भैंस को चारा और पानी दिया था. इसके बाद वह सोने चली गयीं. रात करीब 12 से एक बजे के बीच जब वह उठकर भैंस को देखने गयीं तो वह घर में नहीं थी.
इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गयी, लेकिन भैंस का कोई पता नहीं चला. बबिता देवी ने अज्ञात चोरों पर भैंस चोरी करने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस बोली, मामले की जांच जारी
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि भैंस चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
लगातार चोरी की घटनाओं के बीच अब ग्रामीणों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है. लोगों को उम्मीद है कि चोरी के मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपितों पर कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढे़ं:
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए