डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश, किसानों को राहत, कई सड़कों पर जलजमाव से परेशानी
पीएनबी के निकट बारिश का दृश्य | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के अलीनगर प्रखंड में हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है, जो अपनी फसलों को लेकर चिंतित थे. हालांकि, जलजमाव और कीचड़ की समस्या ने कुछ गांवों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
दरभंगा: अलीनगर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को दिन के करीब 11 बजे अचानक शुरू हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. वहीं, अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी खिल उठे. करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के दौरान अलीनगर और पकड़ी चौक के बाजार में लोग जहां थे, वहीं छत और छप्परों के नीचे बारिश से बचने के लिए शरण लेते नजर आये.
सुबह कुहासा और बारिश को लेकर हो रही थी चर्चा
क्षेत्र के चौक-चौराहों पर स्थित चौपालों और चाय दुकानों पर सुबह कुहासा लगने की चर्चा थी. लोग बारिश की संभावना नहीं होने की बात कर रहे थे. वहीं, सुबह से ही उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे. इसी बीच अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी.
अचानक हुई अच्छी बारिश से किसानों की निराशा आशा में बदल गयी. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को फसलों के लिए राहत की उम्मीद जगी है.
पंपसेट के सहारे फसल बचाने में जुटे थे किसान
किसानों ने बिचड़ा तैयार करने से लेकर रोपनी तक निजी या भाड़े के पंपसेट का इस्तेमाल किया था. रोपनी के बाद भी फसल की सिंचाई के लिए निजी और भाड़े के पंपसेट के सहारे किसान फसल बचाने की कोशिश कर रहे थे.
मौसम किसानों के अनुकूल नजर नहीं आ रहा था. कभी-कभार रिमझिम बारिश और बूंदाबांदी होने से न तो खेतों में पड़ी दरारें खत्म हो रही थीं और न ही फसलों को पर्याप्त लाभ मिल रहा था. कृषि विभाग की ओर से खरीफ की रोपनी के लिए निर्धारित 6839 एकड़ के लक्ष्य को पूरा करने के बाद किसान अपनी लागत को लेकर चिंतित थे. उन्हें फसल में लगायी गयी लागत के डूबने की चिंता सताने लगी थी.
कई गांवों में जलजमाव, सड़क पर कीचड़ से परेशानी
मंगलवार को श्यामपुर, असकौल, तुलापट्टी, जगवनी, अलीनगर, सहजौली, पिरहौली, मिर्जापुर, गरौल, हरसिंहपुर, पकड़ी, अंदौली और मोतीपुर समेत अन्य गांवों में बारिश हुई. इसके कारण कई ग्रामीण और मुख्य सड़कों पर जलजमाव हो गया, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
सबसे नारकीय स्थिति महथौर-अलीनगर-बिरौल आरसीडी सड़क पर महतो टोला अलीनगर, जगवनी और तुलापट्टी में बनी हुई है. यहां जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण सड़क के लंबे हिस्से में कीचड़ और जलजमाव की समस्या बनी रहती है.
यह भी पढ़ें
Darbhanga में चार अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कार्रवाई, PC-PNDT Act के उल्लंघन में सील करने का आदेश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए