इटली से लौटे IPS दंपति में कोरोना का संदेह, पीएमसीएच में भर्ती

Updated at : 15 Mar 2020 10:16 AM (IST)
विज्ञापन
इटली से लौटे IPS दंपति में कोरोना का संदेह, पीएमसीएच में भर्ती

पीएमसीएच में शनिवार को आये कोरोना के चार संदिग्ध मरीज, पूर्व में भर्ती दोनों मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी

विज्ञापन

पटना. बिहार की राजधानी पटना के पीएमसीएच में कोरोना के चार संदेहास्पद मरीज शनिवार को आये हैं. इसमें एक आइपीएस दंपती भी शामिल है. इसमें पति दूसरे राज्य के कैडर के आइपीएस हैं, वहीं पत्नी पटना के ही एक मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर हैं. दोनों इटली से शनिवार को पटना लौटे हैं. इन्हें एयरपोर्ट पर लक्षण दिखने पर पीएमसीएच भेजा गया. यहां आइसोलेशन वार्ड में रखकर उनका इलाज किया जा रहा है. हालांकि पीएमसीएच प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इसके साथ ही यहां दो अन्य कोरोना के संदेहास्पद मरीज शनिवार को आये. इसमें एक जमुई से आया है जबकि दूसरा पटना की बुद्धा कॉलोनी का निवासी है.

मिली जानकारी के मुताबिक ये भी पिछले दिनों विदेशों से आये हैं और सर्दी, खांसी जैसे लक्षण दिखने पर डॉक्टरों ने इन्हें पीएमसीएच भेजा है. पीएमसीएच में इनके ब्लड, स्लाइवा आदि का सैंपल लेकर कोरोना की जांच के लिए आरएमआरआइ पटना भेजा गया है. उम्मीद है कि जांच रिपोर्ट आज या कल आ जायेगी. इसके बाद ही पुष्टि होगी कि इनमें कोरोना वायरस का संक्रमण है या नहीं. फिलहाल आइसोलशन वार्ड में रखकर डॉक्टर इनका इलाज कर रहे हैं और इनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं.

पूर्व के भर्ती मरीज में नहीं है कोरोना वायरस का संक्रमण

पीएमसीएच के आइसोलशन वार्ड में भर्ती और पिछले दिनों विदेशों से लौट कर आये दो मरीजों की जांच रिपोर्ट शनिवार को आ गयी. उनमें कोरोना का संक्रमण नहीं है. इसकी पुष्टि पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ विद्यापति चौधरी ने की है. उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है. मरीज को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जायेगी और उसे घर भेज दिया जायेगा. हालांकि संबंधित जिले के सिविल सर्जन के निर्देश पर उस जिले के डॉक्टर इनके स्वास्थ्य पर 14 दिनों तक नजर रखेंगे. फोन से इनका हालचाल पूछा जाता रहेगा. इनमें से एक समस्तीपुर का और दूसरा दरभंगा का रहने वाला है.

अब पीएमसीएच में शुरू हो सकती है कोरोना की जांच

पीएमसीएच में अगले कुछ दिनों में कोरोना वायरस की जांच शुरू हो सकती है. अभी बिहार में सिर्फ आरएमआरआरआइ पटना में यह जांच हो रही है. पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ विद्यापति चौधरी ने बताया कि पीएमसीएच में कोरोना वायरस की जांच शुरू कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग से कागजी प्रक्रिया चल रही है. इसके लिए रियल टाइम पीसीआर मशीन लगायी जायेगी. इस मशीन लगने के बाद उम्मीद है कि जल्द ही यहां यह सुविधा शुरू हो जायेगी.

विज्ञापन
Radheshyam Kushwaha

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन