बक्सर में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था गोलू; मां-पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल
विडियो पोखरा टोला में घटना पर पहुंचे मुखिया व पुलिस फोटो मौके पर पहुंची भीड़ व अन्य | Prabhat Khabar Network
केसठ के पोखरा टोला में बिजली पोल के संपर्क में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
Buxar News : प्रखंड के केसठ पंचायत स्थित पोखरा टोला गांव में मंगलवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पोखरा टोला निवासी राम अवधेश सिंह के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मां और पिता बेटे का शव देखकर बेसुध हो गए, वहीं पत्नी पूजा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
घर के पास काम करने के दौरान पोल के संपर्क में आया युवक
जानकारी के अनुसार गोलू कुमार मंगलवार को अपने घर के पास काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक वह बिजली पोल के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आ गया. करंट लगते ही उसके शरीर में बिजली प्रवाहित होने लगी. युवक चीखते हुए छटपटाने लगा और झुलस गया.
घटना के बाद ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में उसे सोनवर्षा अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन युवक को दुलौर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद नावानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया. नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि बिजली के करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है.
मुखिया ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया. साथ ही आर्थिक सहायता देते हुए उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
बेटे का शव देखकर बेसुध हुए माता-पिता
गोलू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. बेटे का शव देखकर मां मुटेशा देवी और पिता बिलख-बिलख कर रोने लगे और बार-बार बेसुध हो जा रहे थे. पत्नी पूजा कुमारी भी पति का शव देखकर बार-बार बेहोश हो जा रही थी. आसपास की महिलाओं ने किसी तरह उसे संभाला. परिजनों के चीत्कार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
छह माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
गोलू कुमार परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. वह वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी के अलावा छह माह की मासूम बेटी भी है. युवक की मौत के बाद बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया. परिजनों का कहना है कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी गोलू के कंधों पर थी.
मां और पत्नी बोलीं- अब हमारा सहारा कौन होगा
बेटे और पति की मौत से मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन बार-बार यही कहकर विलाप कर रहे थे कि अब उनका सहारा कौन बनेगा. घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
गोलू के लिए अमंगल साबित हुआ मंगलवार
बिजली के करंट से गोलू की मौत के बाद पोखरा टोला में मातम पसरा है. मां और पत्नी बेटे-पति को याद कर लगातार रो रही थीं. परिजनों का कहना था कि मंगलवार का दिन गोलू के लिए अमंगल साबित हुआ और एक झटके में परिवार का सहारा छिन गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए