रोहतास की लापता विवाहिता का शव बक्सर की नदी में मिला, प्लास्टिक में बांधकर फेंका
बच्ची के साथ मृतिका पूजा देवी का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
दिनारा से लापता विवाहिता का शव बक्सर की ठोरा नदी से बरामद। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया।
दिनारा थाना क्षेत्र के बेलवैयां गांव से लापता चल रही एक विवाहिता का शव मंगलवार देर शाम बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र स्थित ठोरा नदी से बरामद किया गया. नदी से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान उसके देवर रवि सिंह ने की.
आपके शहर में
सुजानपुर ससुराल से अचानक गायब थी विवाहिता
मृतका की पहचान बेलवैयां निवासी शिवजी सिंह की पुत्री पूजा देवी के रूप में हुई है. पूजा देवी की शादी वर्ष 2021 में दिनारा थाना क्षेत्र के सुजानपुर निवासी राजू सिंह के पुत्र टप्पू सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. कुछ दिनों से पूजा देवी का मोबाइल बंद बता रहा था, जिसके बाद मायके वालों को अनहोनी की आशंका हुई.
मां ने पति और ससुराल वालों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
मृतका की मां विमला देवी ने 27 अगस्त को दिनारा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी के साथ ससुराल में मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी. पूजा देवी पहले फोन पर मायके वालों को इसकी जानकारी भी देती थी.
घर पर ताला मिलने के बाद बढ़ा शक
बेटी का मोबाइल बंद मिलने के बाद मायके वाले उसके ससुराल सुजानपुर पहुंचे. वहां घर पर ताला लगा मिला और परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. इसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की. मामले में पति टप्पू सिंह, सास उर्मिला देवी और ससुर राजू सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.

एक व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ के बाद नदी में तलाश
दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. इसी क्रम में सुजानपुर निवासी स्व. कामेश्वर सिंह के पुत्र रवि सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के पास ठोरा नदी में तलाशी अभियान चलाया.
प्लास्टिक में शव बांधकर नदी में फेंकने का पुलिस का दावा
पुलिस ने मंगलवार देर शाम तलाशी के दौरान ठोरा नदी से पूजा देवी का शव बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार, साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को प्लास्टिक में बांधकर नदी में फेंका गया था. पुलिस मामले में सामने आये तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.
मायके में मचा कोहराम, दहेज हत्या का आरोप
पूजा देवी का शव मिलने की खबर मिलते ही उसके मायके में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने कहा है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी.
पति समेत सास-ससुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार, मामले के नामजद आरोपी पति टप्पू सिंह, सास उर्मिला देवी और ससुर राजू सिंह फिलहाल फरार हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी मृतका की दुधमुंही बच्ची को लेकर फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
सासाराम के मुरादाबाद गांव में तालाब में तैरता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए