सासाराम : नासरीगंज में बढ़ा सोन नदी का जलस्तर, तटीय गांवों में अलर्ट, लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील

Updated:
विज्ञापन

सोन नदी का निरीक्षण करते अधिकारी व जनप्रतिनिधी | Prabhat Khabar Network

सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने तटीय गांवों का निरीक्षण किया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।

विज्ञापन

रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रेरणा कुमारी ने प्रखंड प्रमुख योगेश कुमार की मौजूदगी में सोन तटीय क्षेत्र के दर्जनों गांवों का निरीक्षण किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सोन नदी किनारे जाने से लोगों को किया सावधान

निरीक्षण के दौरान सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने सोन तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर को लेकर सावधान किया. उन्होंने लोगों से सोन नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की. साथ ही बच्चों और पशुओं को भी नदी के पास जाने से रोकने की सलाह दी.

हर साल हो रहे कटाव को लेकर तटबंध की मांग

प्रखंड प्रमुख योगेश कुमार ने सोन तटीय क्षेत्र के गांवों में हर वर्ष बढ़ते जलस्तर के कारण होने वाले कटाव का मुद्दा उठाया. उन्होंने सोन नदी के किनारे तटबंध निर्माण कराने की मांग सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी से की. प्रमुख ने कहा कि तटबंध बनने से तटीय गांवों को कटाव की समस्या से राहत मिल सकती है.

तटबंध निर्माण को लेकर पहल का मिला आश्वासन

तटबंध निर्माण की मांग पर सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने इस संबंध में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सोन नदी के बढ़ते जलस्तर से निपटने के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

समस्या होने पर तुरंत प्रशासन को दें सूचना

प्रेरणा कुमारी ने ग्रामीणों से अपील की कि सोन नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर प्रशासन को जल्द से जल्द सूचना दें. उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

तटीय गांवों में लगातार हो रही उद्घोषणा

इधर, अंचलाधिकारी अंचला कुमारी के निर्देश पर सोन तटीय क्षेत्र में लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है. सरकारी वाहन के माध्यम से गांवों में उद्घोषणा कर लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर से सावधान किया जा रहा है. लोगों से नदी के पास नहीं जाने और बच्चों व पशुओं को भी सुरक्षित रखने की अपील की जा रही है.

निरीक्षण के दौरान अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान प्रभारी राजस्व अधिकारी अजित कुमार, मुखिया प्रतिनिधि वीरेंद्र चौधरी, बीडीसी अलबेला पासवान समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से सोन तटीय इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन