बक्सर: राजपुर में एक ही रात तीन घरों में चोरी, नकदी-जेवर समेत लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर

Updated:
विज्ञापन

फोटो :- घर में बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network

राजपुर के देवढ़िया गांव में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति और नगदी पर हाथ साफ किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

Buxar News : राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर नकदी, जेवरात, कपड़े, मोबाइल और अन्य सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. रिमझिम बारिश और बिजली गुल होने के कारण गांव में सन्नाटा पसरा था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. मंगलवार की सुबह खेत की मेड़ के पास बक्सा और अटैची मिलने के बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ.

आपके शहर में

विज्ञापन

बारिश और अंधेरे का फायदा, घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात बारिश के कारण गांव की सड़कें सुनसान थीं. इसी दौरान बिजली भी गुल हो गयी. चोरों ने राजा उर्फ अविनाश मिश्रा के घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 25 हजार रुपये नकद, कीमती जेवरात और कपड़े समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये.

चोर घर से कुछ दूरी पर बक्सा और अटैची खेत के किनारे फेंक गये. घरवालों को इसकी जानकारी सुबह हुई.

छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर

इसके बाद चोरों ने रासबिहारी कुशवाहा के घर को निशाना बनाया. बताया गया कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अंदर रखे 10 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गये. घटना के दौरान घर के लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी.

सोते रह गये अश्वनी, मोबाइल और टॉर्च लेकर भागे चोर

चोरों ने गांव में ही अश्वनी रावत के घर को भी निशाना बनाया. अश्वनी घर में सो रहे थे. इसी दौरान चोर उनके पास रखी टॉर्च और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गये. एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

सुबह खेत की मेड़ पर मिला बक्सा और सूटकेस

मंगलवार की सुबह ग्रामीण जब रास्ते से गुजर रहे थे, तो उन्हें खेत की मेड़ के पास बक्सा और सूटकेस पड़ा दिखाई दिया. ग्रामीणों के बीच इसकी चर्चा होने लगी. इसकी जानकारी जब संबंधित घरों के लोगों को मिली तो उन्होंने अपने-अपने घरों में जाकर जांच की. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब था. इसके बाद चोरी की पूरी घटना सामने आयी.

एक साथ तीन घरों में चोरी से गांव में दहशत

एक ही रात में तीन घरों में चोरी होने की खबर देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गयी. लगातार हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की जांच, पीड़ितों से लिया आवेदन

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. इसके बाद डायल 112 की टीम और पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने घरों में बिखरे सामान और अन्य परिस्थितियों की जानकारी ली. सभी पीड़ितों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है.

प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पीड़ितों से आवेदन प्राप्त हुआ है. प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

फोटो :- घर में बिखरा पड़ा सामान  | Prabhat Khabar Network
फोटो :- घर में बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन