बिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: मुख्य सचिव ने 13 घटकों पर दिए निर्देश, ऑन-द-स्पॉट मिलेंगी 26 योजनाएं
बिहार में 17 सितंबर से महीने भर चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियां पूरी हो गई हैं. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय बैठक में 13 प्रमुख घटकों की समीक्षा की और समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए.
Buxar News: बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले महीने भर के विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी विभागों के प्रधान सचिव व सचिव व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. मुख्य सचिव ने अभियान के 13 प्रमुख घटकों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए.
17 सितंबर की शाम 'आशीर्वाद का दीया' से होगी शुरुआत
अभियान का औपचारिक आगाज 17 सितंबर की शाम 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगा. इसके तहत राज्य के हर घर और प्रत्येक जिले के कम से कम 10 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. इसके लिए जीविका दीदियों, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से दीयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी.
13 प्रमुख घटकों के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा प्रशासन
बैठक में तय किए गए प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा:
- सेवा चित्र (17 सितंबर से 7 अक्टूबर): सरकारी व निजी स्कूलों में 'विकसित भारत संकल्प' विषय पर चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता और अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन.
- सेवा स्मरण: 18 से 20 विशेष नाट्य मंडलियां स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन करेंगी, जिसका मुख्य प्रस्तुतीकरण 2 अक्टूबर को होगा.
- आंगन का मिलन (25 सितंबर से 7 अक्टूबर): आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, पोषण-स्वास्थ्य योजनाओं पर चर्चा और लाभार्थियों से सीधा संवाद.
- कहानी बदलाव की: सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित रील और लघु वीडियो का डिजिटल डेटा बैंक तैयार होगा.
- सेवा सेतु अभियान: प्रखंड और विधानसभा स्तर पर 'सरकार आपके द्वार' शिविर आयोजित होंगे, जहां 26 केंद्रीय योजनाओं का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा.
- सेवा ज्योति यात्रा एवं स्वच्छता: पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियों के साथ छठ घाटों, तालाबों की सफाई और 25 प्रकार की स्वच्छता व पौधरोपण गतिविधियां होंगी.
- सेवा के रंग व जनसेवक महाकुंभ: 108 मीटर व्यास के 'भारत मंडला' का निर्माण व ड्रोन कवरेज, युवाओं के लिए 'नवाचार चुनौती' और पंचायत प्रतिनिधियों का महासम्मेलन होगा.
मार्च 2027 तक चलेगा 'कायाकल्प अभियान'
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के समानांतर 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' भी चलाया जाएगा. इसके तहत सभी सरकारी भवनों का रंग-रोगन दीपावली तक, मरम्मत कार्य 30 नवंबर 2026 तक और सभी स्वीकृत नए निर्माण कार्य मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए