शिक्षा विभाग के आदेश को ही ठेंगा, दूसरे प्रखंड के BEO को ब्रह्मपुर का प्रभार, कई प्रखंडों में भी नियम ताक पर
ब्रह्मपुर प्रखंड स्थित बीआरसी कार्यालय | Prabhat Khabar Network
बिहार शिक्षा विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद चक्की बीईओ को ब्रह्मपुर का अतिरिक्त प्रभार देने पर प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं।
Buxar News : बिहार में शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने और विभागीय कामकाज में प्रशासनिक कसावट लाने के दावों के बीच बक्सर जिले में शिक्षा विभाग के आदेशों की अनदेखी का मामला सामने आया है. विभाग की ओर से बीईओ के रिक्त पदों पर अतिरिक्त प्रभार देने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये जाने के बावजूद चक्की प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को ब्रह्मपुर प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है. इसे लेकर विभागीय व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर लिये जा रहे फैसलों पर सवाल उठने लगे हैं.
आपके शहर में
21 अगस्त को सचिव ने जारी किया था स्पष्ट आदेश
शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने 21 अगस्त 2026 को पत्रांक-08/अ०शि०-09-04/2026-971 के माध्यम से बीईओ के रिक्त पदों पर अतिरिक्त प्रभार को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया था. पत्र में कहा गया था कि रिक्त पदों का अतिरिक्त प्रभार उसी प्रखंड में पदस्थापित पर्यवेक्षकीय स्तर के पदाधिकारियों को वित्तीय अधिकार के साथ दिया जाए. विभाग का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और दूसरे प्रखंडों के पदाधिकारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी डालने से होने वाली परेशानी को रोकना था.
स्थानीय पदाधिकारी को प्रभार देने पर दिया गया जोर
विभागीय निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया था कि जिन प्रखंडों में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां स्थानीय स्तर पर पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था बनायी जाए. ऐसे मामलों में जरूरत के अनुसार पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी को बीईओ के प्रभार से मुक्त कर उसी प्रखंड के किसी दूसरे उपयुक्त पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी जा सकती है. इस व्यवस्था के पीछे विभाग का मकसद यह था कि बीईओ के अतिरिक्त प्रभार के कारण दूसरे प्रखंड का नियमित काम प्रभावित नहीं हो.
आदेश के बावजूद चक्की बीईओ को ब्रह्मपुर का जिम्मा
विभागीय स्तर से स्पष्ट गाइडलाइन जारी होने के बाद भी चक्की के बीईओ को ब्रह्मपुर प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यानी जिस व्यवस्था में स्थानीय स्तर पर पदाधिकारी को प्रभार देने पर जोर दिया गया था, उसके विपरीत एक प्रखंड के बीईओ को दूसरे प्रखंड की जिम्मेदारी दे दी गयी. इससे विभागीय आदेश के अनुपालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
बक्सर के कई प्रखंडों में भी दूसरे बीईओ संभाल रहे प्रभार
मामला केवल ब्रह्मपुर तक सीमित नहीं बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार बक्सर जिले के बक्सर, चौगाईं, चौसा और राजपुर प्रखंडों में भी बीईओ का अतिरिक्त प्रभार दूसरे प्रखंड के बीईओ संभाल रहे हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब विभाग ने अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिये हैं, तो स्थानीय स्तर पर उनका पालन क्यों नहीं किया जा रहा है.
दो प्रखंडों की जिम्मेदारी से काम पर पड़ सकता है असर
एक बीईओ के पास पहले से अपने प्रखंड की प्रशासनिक और शैक्षणिक जिम्मेदारी होती है. इसके साथ दूसरे प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर दोनों जगहों की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है. स्कूलों की निगरानी, शिक्षकों से संबंधित कार्य, विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन और कार्यालयी कार्यों के लिए नियमित मॉनिटरिंग जरूरी होती है. ऐसे में एक अधिकारी के दो प्रखंडों का प्रभार संभालने से कामकाज की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.
सचिव के नये पत्र से बढ़ी हलचल
अब शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से पूर्व में जारी आदेश का हवाला देते हुए बीईओ के प्रभार को लेकर फिर से गाइडलाइन जारी किये जाने के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल बढ़ गयी है. विभागीय आदेश और धरातल पर लागू व्यवस्था में अंतर को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखना यह है कि नये निर्देश के बाद दूसरे प्रखंड के बीईओ को दिये गये अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था में बदलाव किया जाता है या नहीं.
शिक्षा सुधार के दावों के बीच व्यवस्था पर सवाल
सरकार और शिक्षा विभाग लगातार स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कर रहे हैं. लेकिन विभागीय आदेश के विपरीत प्रभार देने के आरोप से इन दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े लोगों का कहना है कि जब विभाग खुद किसी व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करता है, तो स्थानीय स्तर पर उसका पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए