बक्सर में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, प्रयागराज-वाराणसी के उफान से चेतावनी स्तर से महज 18 सेंटीमीटर दूर पहुंची गंगा

Updated:
विज्ञापन

बक्सर में गंगा का जलस्तर | Prabhat Khabar Network

बक्सर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 4 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ते पानी ने तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। प्रशासन अलर्ट पर है।

विज्ञापन

Buxar News : पहाड़ी और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बक्सर में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है. प्रयागराज और वाराणसी में गंगा के उफान का असर अब बक्सर में भी दिखने लगा है. इससे तटवर्ती और दियारा इलाकों में दोबारा बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार रविवार शाम छह बजे बक्सर में गंगा का जलस्तर 59.14 मीटर दर्ज किया गया. यह निर्धारित चेतावनी स्तर 59.32 मीटर से महज 18 सेंटीमीटर नीचे है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊपरी इलाकों से बढ़ा दबाव

गंगा में अचानक पानी बढ़ने की मुख्य वजह पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और मध्य प्रदेश की नदियों में बढ़ा जलस्तर बताया जा रहा है. प्रयागराज में गंगा-यमुना के बढ़े जलस्तर से संगम क्षेत्र में पानी फैल गया है. वहीं वाराणसी में भी पिछले 24 घंटे में करीब डेढ़ मीटर पानी बढ़ने से सभी घाट जलमग्न हो गये हैं. वाराणसी में गंगा करीब चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ रही हैं.

सहायक नदियों के उफान ने बढ़ायी चिंता

ऊपरी इलाकों से गंगा में बढ़े पानी के दबाव के साथ बक्सर जिले से गुजरने वाली कर्मनाशा, ठोरा और धर्मावती नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है. सहायक नदियों के उफान पर आने से जिले के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका और बढ़ गयी है.

सुबह दो तो शाम को चार सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ा पानी

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे बक्सर में गंगा का जलस्तर 58.89 मीटर था. उस समय पानी करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था. दोपहर 12 बजे तक जलस्तर बढ़कर 58.96 मीटर हो गया. इसके बाद प्रयागराज और वाराणसी की ओर से आ रहे पानी के दबाव के कारण गंगा की रफ्तार तेज हो गयी. शाम छह बजे तक जलस्तर 59.14 मीटर पहुंच गया और बढ़ोतरी की रफ्तार करीब चार सेंटीमीटर प्रति घंटे दर्ज की गयी.

चौसा-सिमरी-चक्की के दियारा में फिर फैल रहा पानी

गंगा के बढ़ते जलस्तर से रामरेखाघाट सहित चौसा, सिमरी और चक्की के दियारा क्षेत्रों में एक बार फिर बाढ़ का पानी फैलने लगा है. नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर तटवर्ती इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ा तो निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

चेतावनी स्तर पार करने की आशंका, प्रशासन अलर्ट

बक्सर में गंगा का निर्धारित खतरे का स्तर 60.32 मीटर है. फिलहाल जलस्तर चेतावनी बिंदु से 18 सेंटीमीटर नीचे है. शाम के समय जिस तेजी से पानी बढ़ा, उससे देर रात तक चेतावनी स्तर पार होने की आशंका जतायी जा रही है. जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाये रखी है और तटवर्ती क्षेत्रों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है.

बक्सर में गंगा का जलस्तर | Prabhat Khabar Network
बक्सर में गंगा का जलस्तर | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन