बक्सर में मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोग बीमार, दुकान सील; सैंपल जांच के लिए भेजा गया
अनुमंडल अस्पताल में मरीज का हाल-चाल लेते एसडीएम | Prabhat Khabar Network
Buxar News : अरियांव गांव में पुत्र जन्म की खुशी में बांटी गई मिठाई खाने से एक ही परिवार के नौ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. जांच में मिठाई की दुकान में साफ-सफाई और हाइजीन की कमी पाई गई, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया है.
Buxar News : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में गुरुवार को मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद सभी को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति स्थिर बतायी है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया.
पुत्र जन्म की खुशी में पाटीदारों के बीच बांटी गयी थी मिठाई
जानकारी के अनुसार, अरियांव निवासी धनेश्वर सिंह बुधवार की शाम डुमरांव स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार से करीब दो किलो मिठाई खरीदकर घर ले गये थे. इसमें एक किलो क्रीम मिठाई और एक किलो कालाजामुन शामिल था. धनेश्वर सिंह की बुआ के बड़े पुत्र संदीप कुमार सिंह, निवासी इमिलिया, रामगढ़ के यहां पुत्र जन्म हुआ था. इसी खुशी में गुरुवार की सुबह धनेश्वर सिंह की माता गिरजा देवी ने पाटीदारों के बीच मिठाई का वितरण किया.
मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते नौ लोगों की तबीयत बिगड़ गयी. बीमार होने वालों में अंजलि सिंह, प्रियंका सिंह, रेयांश, प्रीति सिंह, अनिल कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, गीता देवी, लालबाबू सिंह और रीना देवी शामिल हैं.
दुकान की साफ-सफाई और हाइजीन में मिली लापरवाही
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजीव कुमार और डीसीएलआर टेश लाल सिंह अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और मरीजों के इलाज की जानकारी ली. मरीजों की स्थिति सामान्य होने के बाद एसडीएम संबंधित मिठाई दुकान पर पहुंचे. जांच के दौरान दुकान में साफ-सफाई और हाइजीन के मानकों में लापरवाही पायी गयी. दुकान संचालक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआइ) का लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका.
इसके बाद एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे को मिठाई का सैंपल लेकर जांच के लिए पटना भेजने का निर्देश दिया. जांच रिपोर्ट आने तक प्रजापति मिष्ठान भंडार को सील कर दिया गया है.

दुकानदार ने कहा- रातभर उचित तरीके से नहीं रखने से खराब हुई होगी मिठाई
दुकान के प्रोपराइटर राहुल प्रजापति ने बताया कि मिठाई खरीदने के दौरान ग्राहक ने उसका स्वाद भी चखा था. उन्होंने आशंका जतायी कि मिठाई को रातभर उचित तरीके से संरक्षित नहीं रखने के कारण वह खराब हुई होगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फूड पॉइजनिंग का कोई अन्य कारण भी हो सकता है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारण की पुष्टि हो सकेगी.
लैब टेक्नीशियन नहीं मिलने पर एसडीएम ने जतायी नाराजगी
अस्पताल में मरीजों की जांच के लिए लैब टेक्नीशियन मौजूद नहीं रहने पर भी एसडीएम ने नाराजगी जतायी. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि लैब टेक्नीशियन की ड्यूटी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है, जबकि मरीज दोपहर बाद अस्पताल पहुंचे थे. एसडीएम के निर्देश पर तत्काल लैब टेक्नीशियन को बुलाया गया और सभी मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू करायी गयी.
Also Read : राजपुर में 107.6 लीटर देशी शराब बरामद, पुलिस को देख बाइक छोड़ भागा तस्कर
इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसडीएम ने दिये निर्देश
अस्पताल में प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शिव कुमार चौधरी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लोकेश कुमार और फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अजय कुमार सिंह समेत मेडिकल टीम मरीजों की निगरानी में जुटी रही. एसडीएम ने चिकित्सकों को मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
Also Read : बक्सर के 19 पंचायतों में इबी गणना का काम पूरा, अब परिसीमन से बदलेंगे पंचायतों के समीकरण
कहते हैं एसडीएम
"नौ लोगों को फूड पॉइजनिंग की समस्या हुई थी. सूचना मिली है कि प्रजापति मिष्ठान भंडार की मिठाई खाने के बाद यह समस्या हुई. दुकान को सैंपल की रिपोर्ट आने तक सील किया गया है. मरीजों के इलाज में किसी तरह की कोताही न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है."
राजीव कुमार, एसडीएम, डुमरांव
Also Read : एक हफ्ते बाद शांत हुई गंगा जी, जलस्तर में मामूली गिरावट से बक्सर में बाढ़ प्रभावित इलाकों को राहत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए