बक्सर: डुमरांव स्टेशन पर नाले से शौचालय की सीवरेज जोड़ने पर विवाद, यात्रियों ने जलभराव और गंदगी को लेकर रेलवे से की शिकायत

Author Sujeet Kumar|Edited by Ragini Sharma
Updated:
विज्ञापन
डुमरांव स्टेशन पर अधूरे नाले से शौचालय की नाली जोड़ने पर उठे सवाल, यात्रियों में आक्रोश

स्टेशन के बगल मेन रोड पर नाला निर्माण के लिए काटा गया रोड

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. शौचालय की सीवरेज नाली को एक अधूरे नाले से जोड़ने की तैयारी ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है. बरसात में स्थिति और बिगड़ने का डर सता रहा है.

विज्ञापन

Buxar Railway Station Drainage Issue : डुमरांव रेलवे स्टेशन पर इन दिनों चल रहा निर्माण कार्य यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है. स्टेशन परिसर में बनाए जा रहे नए पे एंड यूज शौचालय की सीवरेज नाली को एक अधूरे नाले से जोड़ने की तैयारी हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि बिना पूरी योजना और जल निकासी की व्यवस्था के इस तरह का काम आने वाले दिनों में बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है.

दरअसल, दानापुर-डीडीयू रेलखंड के डुमरांव स्टेशन पर टिकट घर के पास मुख्य सड़क को काटकर सीवरेज नाली बनाई जा रही है. यह नाली सीधे उस नाले से जोड़ी जा रही है, जिसकी जल निकासी व्यवस्था अभी तक पूरी तरह विकसित नहीं हो सकी है. ऐसे में लोगों को डर है कि शौचालय का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल सकता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी.

Buxar News : बरसात में बढ़ सकती है परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी हल्की बारिश में ही स्टेशन परिसर के आसपास जलभराव की स्थिति बन जाती है. ऐसे में अगर अधूरे नाले में रोजाना हजारों लीटर सीवरेज का पानी छोड़ा गया, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी. इससे न केवल दुर्गंध फैलेगी, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.

जानकारी के अनुसार, पहले इस शौचालय की सेप्टिक टंकी टिकट घर के पूर्वी छोर पर बनी हुई थी और उसी के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था की गई थी. लेकिन इस बार नई टंकी का निर्माण टिकट घर के पास कर दिया गया है. शौचालय को जल्द शुरू करने के लिए जल्दबाजी में मुख्य सड़क काटकर नाली को अधूरे नाले से जोड़ने का काम किया जा रहा है.

Sewage Problem Station : स्थानीय लोगों ने उठाई आवाज

इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी और समाजसेवी राजीव रंजन सिंह ने रेलवे के वरीय अधिकारियों से शिकायत की है. उनका कहना है कि एक ओर नाले की निकासी व्यवस्था अधूरी है, वहीं दूसरी ओर सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है. इससे यात्रियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है.

बक्सर की सभी खबरें यहां पढ़ें

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बरसात के मौसम में स्थिति और बिगड़ सकती है. शौचालय का गंदा पानी सड़क पर फैलने से आम लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी.

Dumraon Railway Station: रेलवे ने दिया आश्वासन

वहीं इस पूरे मामले पर रेलवे के आईओडब्ल्यू महेंद्र रजक ने कहा कि नाले के पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी.

फिलहाल लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि रेलवे प्रशासन कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकालता है. अगर समय रहते सही कदम नहीं उठाए गए, तो यह छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी में बदल सकती है.

Also Read: बक्सर में 12 जुलाई को शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी लागू, कई इलाको में नो-एंट्री, चार पहिया और बसों पर रोक


विज्ञापन
Sujeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन