डुमरांव में छह दिन बाद खत्म हुआ सड़क आंदोलन, प्रशासन के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल
मिठाई खिलाकर भूख हड़ताल खत्म कराते थानाध्यक्ष संजय सिन्हा व बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शनी
डुमरांव में जर्जर सड़कों के खिलाफ छह दिन से चला आ रहा आंदोलन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। सामाजिक संस्था स्वयं शक्ति के धरना-अनशन को बीडीओ और थानाध्यक्ष ने मिठाई खिलाकर तुड़वाया।
डुमरांव. जर्जर सड़कों की बदहाली के खिलाफ पिछले छह दिनों से चल रहा आंदोलन मंगलवार की देर रात प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. सामाजिक संस्था स्वयं शक्ति की ओर से चलाये जा रहे धरना और भूख हड़ताल को बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शिनी और थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर समाप्त कराया. दोनों अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को मिठाई खिलाकर भूख हड़ताल तुड़वाई.
आपके शहर में
संस्था के सदस्य पिछले दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे. जर्जर एनएच-120 की मरम्मत, शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक और सड़क निर्माण के लिए नयी निविदा प्रक्रिया शुरू कराने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा था.
15 दिनों में सड़क मरम्मत शुरू कराने का भरोसा
आंदोलन के दौरान प्रशासन और संस्था के सदस्यों के बीच कई दौर की बातचीत हुई. वार्ता के बाद प्रशासन की ओर से भरोसा दिया गया कि 15 दिनों के भीतर जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा. इसके साथ ही सड़क निर्माण के लिए नयी निविदा प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की बात कही गयी.
आंदोलनकारियों का कहना था कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थिति और खराब होती जा रही थी. इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी.
शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर तत्काल रोक
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही रोकना भी शामिल था. प्रशासन ने इस मांग पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया है. अधिकारियों के अनुसार शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी जाएगी, ताकि जर्जर सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो सके.
इसके साथ प्रशासन ने सड़क मरम्मत समेत अन्य मांगों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही. अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को भरोसा दिलाया कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा.
आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने खत्म किया धरना
प्रशासन के आश्वासन के बाद स्वयं शक्ति संस्था के सदस्यों ने भूख हड़ताल और धरना समाप्त करने की घोषणा की. रात करीब 10 बजे बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शिनी और थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा धरनास्थल पर पहुंचे थे.
छह दिनों तक चले आंदोलन के समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. अब शहरवासियों की नजर प्रशासन के आश्वासन पर है. लोगों को उम्मीद है कि 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का काम शुरू होगा और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक से सड़क की स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए