बक्सर: डीएम साहिला ने चौसा के बनारपुर में किया संत रविदास समरसता विकास शिविर का शुभारंभ, 510 टोलों में हर गुरुवार को लगेंगे शिविर

Updated:
विज्ञापन

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन करती जिलाधिकारी | Prabhat Khabar Network

संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बक्सर के चौसा प्रखंड में भव्य संत रविदास समरसता विकास शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 22 जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभुकों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और चश्मे वितरित किए गए.

विज्ञापन

Buxar News: संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर बक्सर जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत बनारपुर महादलित टोला स्थित सामुदायिक भवन में गुरुवार को भव्य संत रविदास समरसता विकास शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी (DM) साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (DDC), सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, चौसा बीडीओ और सीओ सहित जिला व प्रखंड स्तर के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

22 जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, लाभ लेने की अपील

शिविर में अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित 22 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, आधार कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आंगनबाड़ी सेवाएं, कुशल युवा कार्यक्रम (KYP), मनरेगा जॉब कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के महत्व को रेखांकित किया. डीएम ने सभी पात्र लाभुकों से बिना किसी संकोच के इन योजनाओं के लिए आवेदन करने की अपील की और मौके पर ही आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई.

लाभुकों के बीच बांटे गए आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और चश्मे

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों पर ऑन-द-स्पॉट सेवाओं का निष्पादन किया गया. डीएम और उपस्थित अधिकारियों ने चिन्हित लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड, नए राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मे का वितरण किया. इसके साथ ही अन्य योजनाओं के नए आवेदनों की जांच कर उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया. चौसा के अलावा जिले के अन्य सभी प्रखंडों में भी गुरुवार को इसी तरह के विकास शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया.

15 फरवरी 2027 तक 510 महादलित टोलों को आच्छादित करने का लक्ष्य

जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए विशेष माइक्रोप्लान के तहत जिले में यह अभियान 27 अगस्त 2026 से लेकर 15 फरवरी 2027 तक निरंतर चलाया जाएगा. इस निर्धारित अवधि के दौरान हर गुरुवार को जिले के विभिन्न 510 अनुसूचित जाति (महादलित) टोलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में सशक्त बनाना है.

Also Read: बक्सर: वीर कुंवर सिंह कृषि कॉलेज में 15 दिवसीय एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन प्रशिक्षण संपन्न, 4 जिलों के 60 इनपुट डीलर हुए सफल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन