बक्सर DM ने अधिकारियों को दिया निर्देश, जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण करें निष्पादन
बैठक में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
बक्सर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. 'सेवा से संकल्प' अभियान और सहयोग शिविरों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया. राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे की भी समीक्षा की गई.
Buxar News : जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में 'सेवा से संकल्प अभियान', राजस्व विभाग की रैंकिंग एवं प्रदर्शन, सहयोग शिविर, जन शिकायतों के निष्पादन समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
सेवा से संकल्प अभियान और सहयोग शिविर पर जोर
जिलाधिकारी ने 'सेवा से संकल्प अभियान' और 'सहयोग शिविर' के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि आमजनों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाये. लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न सूचकांकों और विभागीय रैंकिंग की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ कार्यप्रणाली में सुधार लाने पर जोर दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निबटारा करने का निर्देश दिया.
स्कूल और अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें अधिकारी
डीएम ने सभी वरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को विद्यालयों, अस्पतालों तथा अन्य जनोपयोगी संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाये, बल्कि उनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाये.
अंतरविभागीय समन्वय से समय पर पूरा करें काम
जिलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, अधिकारियों की जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रशासन की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए. जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए.
बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए