बक्सर में विशिष्ट शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई का शिकंजा, अनुशासनहीनता और गुटबाजी समेत गंभीर आरोपों की होगी जांच
प्लस 2 बीएन हाई स्कूल | Prabhat Khabar Network
Buxar-Dumraon Student Rape Case : ब्रह्मपुर के विशिष्ट शिक्षक चंदन राय पर अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार और गुटबाजी के गंभीर आरोपों के चलते विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Buxar-Dumraon Student Rape Case : बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत ब्रह्मेश्वर नाथ +2 उच्च विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक चंदन राय के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी कार्यालय आदेश के तहत उन पर विद्यालय की गरिमा धूमिल करने, सहकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और विद्यालय परिसर में गुटबाजी को बढ़ावा देने समेत कई आरोपों की जांच होगी.
आपके शहर में
बिहार सरकारी सेवक नियमावली के तहत शुरू हुई कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के ज्ञापांक 3301, दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत चंदन राय के विरुद्ध औपचारिक विभागीय कार्रवाई शुरू की गयी है. यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2005 के सुसंगत नियमों के तहत संस्थित की गयी है.
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने प्रशासनिक हस्तक्षेप का लगाया आरोप
मामले की पृष्ठभूमि विद्यालय में पिछले कई महीनों से चल रही शिकायतों से जुड़ी बतायी गयी है. प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पत्रांक 203, दिनांक 18 अप्रैल 2026 के माध्यम से जिला मुख्यालय को प्रतिवेदन भेजा था. इसमें आरोप लगाया गया था कि चंदन राय विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में लगातार अवांछित हस्तक्षेप कर रहे हैं.
महिला शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भी की शिकायत
विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं और अन्य शिक्षकों की ओर से भी लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी थी. शिकायतों में आरोप लगाया गया कि चंदन राय का आचरण शिक्षण संस्थान के अनुकूल नहीं है और उनके व्यवहार से कक्षाओं के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है.
पार्षद ने विद्यालय में गुटबाजी का लगाया आरोप
नगर पंचायत ब्रह्मपुर के एक पार्षद की ओर से पत्रांक 86, दिनांक 8 फरवरी 2026 को भी शिकायत भेजी गयी थी. शिकायत में विद्यालय परिसर में अनुशासनहीनता, राजनीति और गुटबाजी का माहौल बनाने का आरोप लगाया गया. आरोप है कि इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है.
विद्यालय के लिपिक ने धमकी देने का लगाया आरोप
विद्यालय के लिपिक नगेन्द्र कुमार ने भी लिखित प्रतिवेदन देकर चंदन राय पर धमकी देने और प्रशासनिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है. इन शिकायतों को भी विभागीय कार्रवाई के दौरान जांच के दायरे में रखा गया है.
अभद्र व्यवहार और अमर्यादित भाषा के आरोप
कार्यालय आदेश में चंदन राय पर प्रभारी प्रधानाध्यापक, महिला शिक्षिकाओं और अन्य सहकर्मी शिक्षकों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और अभद्र व्यवहार करने के आरोपों का उल्लेख किया गया है. इन आरोपों की सत्यता विभागीय जांच के बाद स्पष्ट होगी.
शैक्षणिक दायित्वों की उपेक्षा का भी आरोप
विशिष्ट शिक्षक पर निर्धारित कक्षाओं में व्यस्त रहने के बजाय अन्य गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप भी लगाया गया है. उनके खिलाफ पाठ टीका नहीं लिखने और शैक्षणिक दायित्वों की उपेक्षा करने के आरोपों की भी जांच की जायेगी.
विद्यालय में गुटबाजी और विवाद बढ़ाने का आरोप
विभागीय आदेश में विद्यालय में राजनीति और गुटबाजी को बढ़ावा देने, अभद्र टिप्पणियां करने तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक को गाली-गलौज और विवाद के लिए उकसाने जैसे आरोपों का भी उल्लेख किया गया है. विभागीय जांच में इन सभी बिंदुओं की पड़ताल की जायेगी.
डीपीओ और बीईओ को मिली जांच की जिम्मेदारी
जिला शिक्षा प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी योजना एवं लेखा, बक्सर को विभागीय कार्रवाई का संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, ब्रह्मपुर को उपस्थापन पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
45 दिनों में पूरी करनी होगी विभागीय जांच
विभाग की ओर से नामित जांच पदाधिकारियों को 45 दिनों के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और विस्तृत जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है. जांच प्रतिवेदन निर्धारित समय सीमा के अंदर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जायेगा, जिसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सकेगी.
जांच के बाद ही आरोपों की होगी पुष्टि
चंदन राय के खिलाफ लगाए गये आरोपों की अंतिम पुष्टि विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही होगी. फिलहाल जिला शिक्षा विभाग ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए औपचारिक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए