बक्सर में आरटीआई कार्यकर्ता के घर पर हमला: दोनों पक्षों ने दर्ज कराया मुकदमा, जानिए पूरा विवाद

Updated:
विज्ञापन

बक्सर आदर्श नगर थाना | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बक्सर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय और भाजपा नेता प्रदीप कुमार राय के बीच की रंजिश अब कानूनी लड़ाई में बदल गई है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है.

विज्ञापन

Buxar News: बक्सर शहर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार मुहिम चलाने वाले चर्चित आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय और वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन सह भाजपा नेता प्रदीप कुमार राय के बीच तनातनी अब कानूनी जंग में तब्दील हो गई है. धोबीघाट स्थित आवास पर हुए विवाद और कथित हमले के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने दोनों ओर से लिखित आवेदन प्राप्त कर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है.

विज्ञापन

घर में घुसकर बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी

आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि रविवार शाम जब वे अपने घर के कैंपस में थे, तभी गेट खोलते ही 10-12 हथियारबंद बदमाश जबरन अंदर घुस आए. उन्होंने पूरे परिसर को घेर लिया. विरोध करने पर शिवपुरी निवासी प्रियव्रत दुबे और अन्य युवकों ने पिस्तौल, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी निकालकर हमला करने की कोशिश की. उन्होंने कहा, "तुम बहुत बड़े आरटीआई कार्यकर्ता बनते हो, बहुतों को मारा है अब तुम्हारा नंबर है." इसके बाद पूरे परिवार को बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी दी गई.

कर चोरी और शिक्षा घोटाले को उजागर करने की रंजिश

शिव प्रकाश राय का कहना है कि यह हमला सोहनीपट्टी निवासी प्रदीप कुमार राय के इशारे पर उनकी आवाज दबाने के लिए कराया गया है. उन्होंने प्रदीप कुमार राय के खिलाफ होल्डिंग टैक्स, भूमिधन कर चोरी और उनके निजी स्कूल में 25 प्रतिशत गरीब बच्चों के दाखिले से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सक्षम प्राधिकार से की थी. इसी खुलासे से बौखलाकर जानलेवा हमले की साजिश रची गई.

दूसरे पक्ष ने लगाया रंगदारी और चेन छिनैती का आरोप

इस घटना के बाद दूसरे पक्ष ने भी नगर थाने में काउंटर केस दर्ज कराया है. प्रियव्रत दुबे ने अपने आवेदन में आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय और उनके पुत्र सत्य प्रकाश राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पिता-पुत्र ने वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप कुमार राय से 50 लाख रुपये की मोटी रंगदारी की मांग की थी. प्रियव्रत के अनुसार, जब वे इस मामले में समझौता और बातचीत करने धोबीघाट स्थित उनके आवास पर गए, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, उन्हें जमीन पर पटक दिया और गले से करीब तीन लाख रुपये मूल्य की दो भर सोने की चेन छीन ली.

दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया, "दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटनास्थल की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."

Also Read: फुटपाथ पर बिखरी दुकानें अब दिखेंगी एक जैसी, बक्सर नगर परिषद ने तैयार किया नया प्लान; जानें क्या बदलेगा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन