बक्सर में पुलिस की बड़ी छापेमारी, 600 लीटर देशी शराब किया नष्ट
बरामद शराब को नष्ट करवाती पुलिस
Buxar News: बक्सर के केसठ स्थित नया बाजार की महादलित बस्ती में नावानगर पुलिस ने एसपी के निर्देश पर छापेमारी की. थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जमीन खोदकर 600 लीटर अर्ध-निर्मित देशी शराब (जावा व फुला महुआ) को नष्ट कर दिया और शराब बनाने के उपकरण ध्वस्त कर दिए. पुलिस को देखकर कारोबारी फरार हो गए.
केसठ से गिरीश कुमार द्विवेदी की रिपोर्ट
Buxar News: बिहार में शराबबंदी कानून को पूर्ण रूप से प्रभावी बनाने के लिए बक्सर पुलिस लगातार एक्शन मोड में है. इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर नावानगर थाना पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ केसठ स्थित नया बाजार के महादलित बस्ती में एक बड़ी छापेमारी की है. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने किया.
जमीन खोदकर निकाला गया जावा महुआ, उपकरण किए ध्वस्त
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार स्थित महादलित बस्ती में कुछ लोगों द्वारा चोरी-छिपे अवैध रूप से देशी शराब बनाकर बेची जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे दल-बल के साथ चिन्हित ठिकानों पर अचानक दबिश दी.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने के अड्डों पर खुदाई कर जमीन के अंदर छुपाकर रखे गए जावा और फुला महुआ को बाहर निकाला. पुलिस ने मौके पर ही लगभग 600 लीटर अर्ध-निर्मित देशी शराब को पूरी तरह से विनिष्ट (नष्ट) कर दिया. इसके साथ ही शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे भट्ठी और अन्य उपकरणों को भी मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया.
पुलिस को देखकर घर छोड़कर भागे शराब कारोबारी
पुलिस की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया. छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम को दूर से ही देखकर कारोबारी अपने घरों को छोड़कर मौके से फरार हो गये. नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि फरार शराब तस्करों और इस धंधे में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है. सभी आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: बक्सर में मॉडल स्कूल बना मवेशियों का चारागाह, टूटी बाउंड्री वॉल से छात्रों की सुरक्षा पर सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










